अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो पर मचे घमासान के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर सामने आए हैं। उन्होंने वायरल ऑडियो को पूरी तरह फर्जी और आर्टिफिशियल करार दिया है। ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए उन्होंने मांग की है कि इस ऑडियो की तत्काल फोरेंसिक जांच कराई जाए।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा से निष्कासित नेता ने कहा कि उनकी राजनीतिक छवि खराब करने के लिए तकनीक का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने खुली चुनौती दी कि अगर जांच में ऑडियो सही साबित हुआ, तो वह कोई भी सजा भुगतने के लिए तैयार हैं।
राठौर ने पुलिस से अपील की है कि संबंधित डिजिटल साक्ष्य जब्त कर तकनीकी जांच करवाई जाए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
इस दौरान उन्होंने उर्मिला सनावर पर पूरे प्रदेश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। सुरेश राठौर ने आरती गौड़ को अपनी बेटी बताया और पत्नी को पाकिस्तानी बताने वाले आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
शादी के दावों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि अगर उर्मिला सनावर सच बोल रही हैं, तो वे वैधानिक सबूत सार्वजनिक करें। उन्होंने इसे परिवार को मानसिक रूप से तोड़ने वाली एक सोची-समझी साजिश बताया है।









