देहरादून में चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत में भूचाल ले आया है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी द्वारा जारी एक वीडियो ने पुराने जख्म हरे कर दिए हैं।
इस वीडियो में किए गए सनसनीखेज दावों के बाद यमकेश्वर से पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
वायरल वीडियो में पूर्व विधायक की कथित पत्नी ने ‘वीआईपी’ कनेक्शन का जिक्र करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं। इसमें सुरेश राठौर की कुछ कॉल रिकॉर्डिंग्स का भी हवाला दिया गया है, जिससे सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ा आरोप आरती गौड़ पर लगा है।
वीडियो में दावा किया गया है कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के वनंत्रा रिसॉर्ट पर रातों-रात बुलडोजर चलवाने और सबूत मिटाने की प्रक्रिया में आरती गौड़ की भूमिका थी। आरोप है कि रिसॉर्ट गिराने के लिए जेसीबी उन्होंने ही भेजी थी।
इन आरोपों के सामने आते ही आरती गौड़ ने सोशल मीडिया पर अपनी सफाई पेश की और पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। अपने त्यागपत्र में उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है और जब तक जांच पूरी होकर सच सामने नहीं आता, वे भाजपा से अलग हो रही हैं।
उधर, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने इस्तीफे की आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि पार्टी नेताओं पर ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाना गलत है और संगठन इसका खंडन करता है।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं। हत्या के तुरंत बाद रिसॉर्ट पर जल्दबाजी में जेसीबी चलवाने को लेकर प्रशासन और स्थानीय नेताओं पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अब भाजपा नेत्री के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने भी सरकार पर हमलावर रुख अपना लिया है, जिससे मामले के और तूल पकड़ने के आसार हैं।









