Besan Katori Chaat : स्ट्रीट फूड का नाम आते ही मन में चटपटा, मसालेदार और मज़ेदार स्वाद की याद ताज़ा हो जाती है। लेकिन हर बार बाहर जाकर खाना संभव नहीं होता।
ऐसे में अगर वही स्वाद घर पर ही आसानी से मिल जाए, तो मज़ा ही कुछ और है। आज हम लेकर आए हैं क्रिस्पी और स्वाद से भरपूर बेसन कटोरी चाट की होममेड रेसिपी, जिसे आप मिनटों में तैयार कर सकते हैं।
यह देखने में जितनी आकर्षक लगती है, स्वाद में उससे भी ज्यादा लाजवाब निकलती है। जब सुनहरी बेसन कटोरी में उबले चने, आलू, दही और चटपटे मसालों का मेल होता है, तो हर बाइट ज़ुबान पर लंबा समय तक अपनी छाप छोड़ जाता है।
यह चाट बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी की फेवरेट बन सकती है।
बेसन कटोरी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी की खासियत यह है कि इसमें उपयोग होने वाली ज़्यादातर चीजें हमारे किचन में आसानी से मिल जाती हैं।
कटोरी बनाने के लिए आपको बेसन, थोड़ा चावल का आटा, मसाले और तेल की जरूरत होगी, जबकि फिलिंग के लिए उबले चने, आलू, दही और चटनियां काफी होती हैं।
घोल तैयार करते समय ध्यान रखें कि वह ना ज्यादा पतला हो और ना ही बहुत गाढ़ा, ताकि कटोरी अच्छे से मोल्ड पर चढ़कर क्रिस्पी बन सके।
कैसे बनाएं सुनहरी और क्रंची बेसन कटोरी
सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन, चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और थोड़ा सा तेल मिलाएं। इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए एक स्मूद और गाढ़ा घोल तैयार कर लें।
अब एक छोटी स्टील की कटोरी या कलछी के पिछला हिस्सा हल्का सा तेल लगाकर गर्म घोल में डुबोएं और फिर उसे गर्म तेल में डालकर तलें।
कुछ सेकंड बाद जब कटोरी आकार लेने लगे, तो धीरे से मोल्ड निकाल लें। इसे तब तक फ्राई करें जब तक इसका रंग हल्का गोल्डन और बनावट क्रिस्पी ना हो जाए। इसी तरह बाकी कटोरियां भी तैयार कर लें और अतिरिक्त तेल सोखने के लिए इन्हें टिशू पेपर पर रख दें।
फिलिंग बनाने का आसान तरीका
एक बाउल में उबले हुए चने, कटा हुआ आलू, बारीक प्याज, टमाटर और चाट मसाला मिलाएं। चाहें तो थोड़ा नींबू रस भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और ज्यादा ताज़ा लगता है। यह फिलिंग बेसन की कुरकुरी कटोरी के साथ परफेक्ट कॉम्बिनेशन बनाती है।
अब सबसे मजेदार हिस्सा आता है—कटोरी सजाने का। एक प्लेट में बेसन की कटोरियां रखें और हर कटोरी में चना-आलू का मिश्रण भर दें। इसके ऊपर अच्छे से फेंटा हुआ दही डालें, फिर हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी से इसे और भी स्वादिष्ट बना दें।
ऊपर से हल्का सा चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर छिड़कें और सजावट के लिए सेव, अनार के दाने और ताज़ा हरा धनिया डालें। आपकी चटपटी और दिल को जीत लेने वाली बेसन कटोरी चाट तैयार है।
यह रेसिपी सिर्फ स्वादिष्ट नहीं बल्कि देखने में भी इतनी खूबसूरत लगती है कि मेहमानों के सामने सर्व करें तो सभी तारीफों की बारिश कर देते हैं। एक बार आप इसे बनाएंगे तो यकीन मानिए, ये आपकी डेली शाम की चाय का परफेक्ट साथी बन जाएगी।






