Bihar Elections : बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार मुस्लिम वोटरों को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। महागठबंधन ने अपने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के चेहरों को साफ कर दिया है, लेकिन इसके बाद से ही सवालों का दौर शुरू हो गया है।
विपक्ष का आरोप है कि मुस्लिम समुदाय को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, उन्हें कोई बड़ा पद नहीं दिया जा रहा। चिराग पासवान के तीखे बयानों के बाद तेजस्वी यादव ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय की चिंताओं को हम दूर करेंगे।
तेजस्वी का बीजेपी पर हमला
तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान के आरोपों का जवाब देते हुए बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जो लोग मुसलमानों को पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं, जिन्हें बीजेपी घुसपैठिया कहती है, उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाने की बात हो रही है। हम मुस्लिम समुदाय की चिंता को समझते हैं और उसे दूर करेंगे।” तेजस्वी ने बीजेपी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर बीजेपी को अति पिछड़ा समाज से इतनी नफरत क्यों है?
दरअसल, महागठबंधन ने मुकेश साहनी को उपमुख्यमंत्री का चेहरा बनाया है, जिसे लेकर बीजेपी ने सवाल खड़े किए थे। तेजस्वी ने कहा कि मुकेश साहनी अति पिछड़ा समाज से आते हैं, और बीजेपी का रवैया इस समाज के प्रति नफरत भरा है।
चिराग पासवान ने क्या कहा?
चिराग पासवान ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा, “2005 में भी आरजेडी मुस्लिम मुख्यमंत्री देने को तैयार नहीं थी। आज 2025 में भी न तो मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है और न ही उपमुख्यमंत्री।” चिराग के इस बयान के बाद ही तेजस्वी ने मुस्लिम समुदाय की चिंताओं को दूर करने का वादा किया।
बिहार में मुस्लिम वोटों का गणित
बिहार में मुस्लिम आबादी करीब 17-18% है, जो न सिर्फ एक बड़ा सामाजिक समूह है, बल्कि कई सीटों पर चुनावी नतीजों को तय करने में भी अहम भूमिका निभाती है। आंकड़ों के मुताबिक, बिहार की 37 सीटें ऐसी हैं, जहां मुस्लिम वोटर निर्णायक हैं। इन सीटों पर उम्मीदवारों की जीत-हार में मुस्लिम समुदाय का रुख अहम होता है। ऐसे में मुस्लिम वोटरों को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी सभी दलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
AIMIM ने भी उठाई आवाज
महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और मुकेश साहनी को उपमुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है। इस फैसले पर बीजेपी के साथ-साथ AIMIM ने भी सवाल उठाए हैं। AIMIM नेता असीम वकार ने तंज कसते हुए कहा, “बिहार में 13% यादव समाज 18% मुस्लिम समाज से कह रहा है कि हमें वोट दो, हम तुम्हें बीजेपी से बचा लेंगे।” उन्होंने साफ कहा कि अब मुस्लिम समुदाय उपमुख्यमंत्री से कम किसी पद पर समझौता नहीं करेगा।









