उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है. अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी ‘गट्टू कंट्रोवर्सी’ पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उर्मिला सनावर पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. भट्ट ने दावा किया है कि उर्मिला के ‘मूल पति’ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर कहा गया है कि वह पैसों के लिए कुछ भी कर सकती हैं.
यह पूरा विवाद तब बढ़ा जब खुद को पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर ने एक वीडियो जारी किया था. इसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि ‘गट्टू’ नाम का एक बड़ा भाजपा नेता ही वो वीवीआईपी है, जिसकी वजह से अंकिता भंडारी की हत्या हुई. इन आरोपों के जवाब में महेंद्र भट्ट ने उर्मिला को कांग्रेस के हाथों का ‘खिलौना’ करार दिया और उनके अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर दिए थे.
उर्मिला सनावर ने चुप रहने के बजाय 24 दिसंबर की रात एक और वीडियो जारी कर पलटवार किया. उन्होंने दावा किया कि महेंद्र भट्ट उन्हें अच्छी तरह जानते हैं और अतीत में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऑफर तक दे चुके हैं.
पौड़ी में मीडिया से बातचीत के दौरान महेंद्र भट्ट ने अपने रुख को और कड़ा कर लिया. उन्होंने कहा कि वह जो भी कहते हैं, प्रमाणिकता के आधार पर कहते हैं. भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस महिला का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने कहा, “मुझे उसके मूल पति के एक वीडियो के बारे में पता चला है, जिसमें वह कह रहे हैं कि वह पैसों के लिए किसी भी हद तक जा सकती है.”
भट्ट ने इसे कांग्रेस की ‘नीचता’ बताते हुए कहा कि प्रदेश में अनुसूचित समाज को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर मेरे बारे में उससे कुछ और बुलवाया गया, तो उत्तराखंड का ब्राह्मण समाज भी उसे माफ नहीं करेगा.
विवाद यहीं थमता नजर नहीं आ रहा है. उर्मिला सनावर ने आज 25 दिसंबर को भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है. इसमें उन्होंने रात 8.30 बजे फिर से लाइव आने की बात कही है, जिससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह आज शाम कोई और बड़ा खुलासा कर सकती हैं.









