Citroen C5 Aircross : सिट्रॉन इंडिया के लिए एक कार ऐसी बन चुकी है जो पिछले 4 महीने से सिर्फ शोरूम में ही धूल खा रही है। जी हां, कंपनी की फ्लैगशिप SUV सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस को 4 महीने से एक भी ग्राहक नहीं मिला है। हैरानी की बात ये है कि नए GST नियमों ने इस प्रीमियम सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस की कीमत में 2.67 लाख रुपये की टैक्स कटौती कर दी है।
पहले इस सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस की एक्स-शोरूम कीमत 39.99 लाख रुपये थी, जो अब घटकर 37.32 लाख रुपये हो गई है। कुल मिलाकर इस कार पर 6.68% की टैक्स कटौती हुई है। कंपनी ये सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस को सिर्फ सिंगल वैरिएंट में बेच रही है। हालांकि, इसे सिंगल और डुअल टोन कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है।
सबसे चौंकाने वाली बात ये कि मई महीने में इसकी आखिरी बार सिर्फ 2 यूनिट ही बिकी थीं। आखिर क्यों नहीं बिक रही ये लग्जरी सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस, जबकि कीमत इतनी कम हो गई है?
सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस के फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस
सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस में पावरफुल 1997cc DW10FC 4-सिलेंडर डीजल इंजन लगा है, जो 177 PS का पावर और 400 Nm का पीक टॉर्क देता है। ये इंजन 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जुड़ा हुआ है, जो ड्राइविंग को और स्मूथ बनाता है। कार में 52.5 लीटर का फ्यूल टैंक है और कंपनी के दावे के मुताबिक ये सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस 17.5 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देती है।
डायमेंशंस की बात करें तो इसकी लंबाई 4500mm, चौड़ाई 1969mm और ऊंचाई 1710mm है। व्हीलबेस 2730mm का होने से अंदर का स्पेस काफी कम्फर्टेबल लगता है। बाहर से देखें तो LED विजन प्रोजेक्टर हेडलैंप, LED डे टाइम रनिंग लैंप, 3D LED रियर लैंप और ORVM पर LED टर्न इंडिकेटर जैसे मॉडर्न फीचर्स इसे स्टाइलिश लुक देते हैं।
अंदर झांकें तो सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस में 31.24 सेमी का कस्टमाइजेबल TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जो ड्राइवर को सब कुछ आसानी से दिखाता है। सेंटर में 25.4 सेमी की कैपेसिटिव टचस्क्रीन दी गई है, जो एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो को सपोर्ट करती है। ड्राइवर सीट इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट वाली है, ताकि लंबी ड्राइव में आराम मिले। हैंड्स-फ्री इलेक्ट्रिक टेलगेट से सामान लोड करना आसान हो जाता है। बूट स्पेस 580 लीटर का है, जो रियर सीट फोल्ड करने पर बढ़कर 720 लीटर हो जाता है।
इंटीरियर में मेट्रोपोलिटन ब्लैक थीम है, जिसमें ‘क्लाउडिया’ लेदर और लेदर-इफेक्ट क्लॉथ का इस्तेमाल हुआ है। पैनोरमिक सनरूफ से अंदर रोशनी और हवा का फील आता है। सस्पेंशन में सिट्रोएन एडवांस्ड कम्फर्ट प्रोग्रेसिव हाइड्रोलिक कुशन हैं, जो रोड की खराबी को सोख लेते हैं। फ्रंट विंडो और विंडस्क्रीन अकॉस्टिक लैमिनेटेड हैं, ताकि बाहर का शोर अंदर न आए। रियर सीट्स एडजस्टेबल रिक्लाइन एंगल वाली हैं, और डुअल जोन इलेक्ट्रॉनिक ऑटोमैटिक टेम्परेचर कंट्रोल के साथ रियर AC वेंट्स व एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर मिलते हैं।
सेफ्टी के मामले में सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस कोई कसर नहीं छोड़ती। इसमें 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड हैं, साथ ही ब्लाइंड स्पॉट इंफॉर्मेशन सिस्टम (BLIS), कॉफी ब्रेक अलर्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, हिल डिसेंट कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, ट्रैक्शन कंट्रोल, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक जैसे फीचर्स हैं। फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर के साथ रिवर्स कैमरा पार्किंग को आसान बनाते हैं।
फ्रंट पर 3-पॉइंट ISOFIX माउंटिंग पैसेंजर और रियर आउटर सीट्स के लिए है। फ्रंट ड्राइवर और पैसेंजर सीट बेल्ट्स में प्रीटेंशनर और फोर्स लिमिटर के साथ हाइट एडजेस्टेबल ऑप्शन भी दिया गया है। कुल मिलाकर, सिट्रॉन C5 एयरक्रॉस एक ऐसी SUV है जो फीचर्स से भरपूर है, लेकिन बाजार में अभी भी संघर्ष कर रही है।









