सियासी गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस पर अंकिता हत्याकांड की आड़ में दलित समुदाय को निशाना बनाने और देवभूमि की छवि खराब करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता खजान दास ने कहा कि कांग्रेस सोशल मीडिया पर वायरल अपुष्ट और अमर्यादित पोस्टों को राजनीतिक हथियार बना रही है।
खजान दास ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दिल्ली से इस मुद्दे को उठाने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे एक सोचा-समझा राजनीतिक षड्यंत्र बताया। उनका कहना है कि विपक्ष अश्लील वीडियो और ऑडियो का सहारा ले रहा है, जिनका न तो कोई पुख्ता आधार है और न ही वे मर्यादित हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट कहा कि इन बयानों के जरिए एक ऐसे वरिष्ठ भाजपा नेता को बदनाम किया जा रहा है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक उत्थान में लगा दिया। यह केवल एक नेता पर हमला नहीं है, बल्कि इसके जरिए पूरे अनुसूचित जाति समाज को अपमानित करने का पाप किया जा रहा है।
अंकिता भंडारी मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि कोर्ट इस मामले में ऐतिहासिक फैसला सुना चुका है और दोषी उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। इसके बावजूद कांग्रेस बार-बार साजिशन नए नाम उछालकर दिवंगत बेटी की आत्मा का अपमान कर रही है। धामी सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि घटना के 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों को जेल भेजा गया था और एसआईटी का गठन किया गया था।
उस समय एसआईटी ने आम जनता से सबूत मांगे थे, लेकिन आज आरोप लगाने वाले तब कोई भी साक्ष्य लेकर सामने नहीं आए। अब बार-बार ‘वीआईपी’ का राग अलाप कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा ने विपक्ष पर हताशा की राजनीति करने का आरोप लगाया है। खजान दास ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी लगातार हार से इतनी निराश है कि अब सोशल मीडिया का सस्ता कंटेंट उनका मुख्य एजेंडा बन गया है। बिना सबूत और तथ्यों के आधार पर भाजपा नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि वायरल हो रहे तथाकथित वीडियो की कानूनी जांच चल रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
खजान दास ने आशंका जताई कि इसके पीछे सामाजिक विद्वेष पैदा करने और उत्तराखंड का माहौल खराब करने की बड़ी साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस सामाजिक वैमनस्य की आग से खेल रही है, जिसमें उनका खुद का झुलसना तय है।
भाजपा एक जिम्मेदार दल होने के नाते दलित समाज का अपमान और प्रदेश का सौहार्द किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं देगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, राजेंद्र नेगी और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।









