DA Hike 2025 : केंद्र सरकार ने दीवाली से पहले लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को खुशखबरी दे दी है! अगर आपके घर में कोई सरकारी नौकरी करता है, तो यह खबर आपके लिए खास है। सरकार ने 5वें, 6वें और 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) के तहत आने वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA Hike 2025) में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी, जिससे कर्मचारियों की जेब में सीधा फायदा पहुंचेगा। त्योहारी सीजन में यह फैसला कर्मचारियों को खरीदारी और खर्चों में राहत देगा। आइए जानते हैं इस बढ़ोतरी से कितना फायदा होगा और किन-किन कर्मचारियों को मिलेगा इसका लाभ।
साल में दो बार होता है DA का रिवीजन
केंद्र सरकार हर साल दो बार, जनवरी और जुलाई में, महंगाई भत्ते (DA Hike 2025) की समीक्षा करती है। इसका मकसद कर्मचारियों की सैलरी को बढ़ती महंगाई के हिसाब से संतुलित रखना है। इस बार की बढ़ोतरी खास है, क्योंकि यह दीवाली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले आई है। यह खबर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए किसी बोनस से कम नहीं है, जो त्योहारी सीजन में उनकी जेब को और मजबूत करेगी।
5वें वेतन आयोग का DA हुआ 474%
वित्त मंत्रालय के आदेश के अनुसार, 5वें वेतन आयोग (5th Pay Commission) के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA Hike 2025) 466% से बढ़ाकर 474% कर दिया गया है। यानी, कर्मचारियों को 8% की बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा। यह नई दरें 1 जुलाई 2025 से लागू होंगी।
हालांकि 5वां वेतन आयोग दिसंबर 2005 में खत्म हो चुका था, लेकिन कई स्वायत्त संस्थानों और सार्वजनिक उपक्रमों में यह वेतन संरचना आज भी लागू है। इस फैसले से इन संस्थानों के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत मिलेगी।
6वें वेतन आयोग के कर्मचारियों को भी तोहफा
6वें वेतन आयोग (6th Pay Commission) के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने बड़ी घोषणा की है। उनके महंगाई भत्ते में 5% की बढ़ोतरी की गई है, जिससे DA अब 252% से बढ़कर 257% हो गया है। यह बढ़ोतरी भी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी। गौरतलब है कि 6वां वेतन आयोग जनवरी 2006 से दिसंबर 2015 तक लागू रहा था। आज भी कई पेंशनभोगी और कुछ कर्मचारी इस संरचना के तहत वेतन या पेंशन ले रहे हैं। यह बढ़ोतरी उनके लिए आर्थिक राहत लेकर आई है।
7वें वेतन आयोग ने दी बड़ी सौगात
पिछले हफ्ते सरकार ने 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए भी महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3% की बढ़ोतरी की थी। अब उनका DA और DR 55% से बढ़कर 58% हो गया है। इस बढ़ोतरी का फायदा 49 लाख से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 69 लाख पेंशनभोगियों को मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से राजकोष पर लगभग 10,083 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, लेकिन कर्मचारियों के लिए यह किसी बड़े त्योहारी बोनस से कम नहीं है।









