देहरादून, 01 अप्रैल (द ऑनलाइन पोस्ट)। शहर में गुरुवार, 2 अप्रैल को निकलने वाली श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। शोभायात्रा के रूट पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए दोपहर 3:30 बजे से शहर के हृदय स्थल और मुख्य बाजारों की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
ये भी पढ़ें: ब्रिगेडियर जोशी के अंतिम संस्कार में पहुंचे सीएम धामी और हरीश रावत, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शिवाजी धर्मशाला से शुरू होने वाली यह यात्रा सहारनपुर चौक, झंडा बाजार और पलटन बाजार होते हुए वापस अपने गंतव्य पर संपन्न होगी।
शोभायात्रा का मार्ग शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, श्री झंडा बाजार, रामलीला बाजार, धामावाला और पलटन बाजार तक जाएगा। इसके बाद यात्रा हनुमान मंदिर, चकराता रोड, बिन्दाल चौक और तिलक रोड होते हुए भंडारी चौक और फिर वापस सहारनपुर चौक से होते हुए शिवाजी धर्मशाला पहुंचेगी।
जैसे ही शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से प्रस्थान करेगी, निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया जाएगा। इस यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा, प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन की तरफ से आने वाले वाहनों को पुलिस रोक-रोककर आगे भेजेगी ताकि शोभायात्रा में व्यवधान न आए।
सहारनपुर चौक पर यात्रा के पहुंचने से पहले ही बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से आने वाले वाहनों पर पाबंदी रहेगी। बल्लीवाला से आने वाले ट्रैफिक को कमला पैलेस की ओर और लक्ष्मण चौक से आने वाले वाहनों को पार्क रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा। जब शोभायात्रा सहारनपुर चौक से झंडा बाजार के भीतर प्रवेश कर जाएगी, तब पुलिस सहारनपुर चौक की यातायात व्यवस्था को सामान्य करेगी।
यात्रा जब घंटाघर से बिन्दाल की ओर बढ़ेगी, तब सड़क के केवल आधे हिस्से का उपयोग होगा। यदि इस दौरान चकराता रोड पर दबाव बढ़ता है, तो राजपुर से बिन्दाल जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं, दर्शनलाल चौक से चकराता रोड की ओर जाने वाले ट्रैफिक को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट करने की योजना है।
ये भी पढ़ें: क्या है ‘गोल्डन आवर’? सुबोध उनियाल ने बताया सड़क हादसों से बचने का फॉर्मूला
जब शोभायात्रा वापसी में सहारनपुर चौक से शिवाजी धर्मशाला की ओर बढ़ेगी, तब प्रिंस चौक से लालपुल जाने वाले ट्रैफिक को गऊ घाट कट से मातावाला बाग की ओर मोड़ दिया जाएगा। देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को किसी भी रूट पर नहीं रोका जाएगा। आम जनता से अपील की गई है कि वे अनावश्यक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों और यथासंभव दोपहिया वाहनों का ही प्रयोग करें।









