---Advertisement---

Dehradun News: शादी में गैस सिलेंडर के लिए अब देना होगा ₹10 का स्टाम्प, DM सविन बंसल ने लागू किए नए नियम

---Advertisement---

देहरादून, 06 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड में अब शादी-विवाह समारोह के दौरान गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी को रोकने के लिए धामी सरकार ने बेहद सख्त कदम उठाए हैं।

राजधानी देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि विवाह समारोह के लिए व्यावसायिक गैस सिलेंडर प्राप्त करने हेतु अब ₹10 के स्टांप पेपर पर बाकायदा शपथ पत्र (Affidavit) देना होगा। प्रशासन ने यह कदम पारदर्शिता सुनिश्चित करने और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर लगाम लगाने के लिए उठाया है।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों के बाद अब देहरादून नगर क्षेत्र के जिला पूर्ति कार्यालय और समस्त तहसीलों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/निरीक्षक कार्यालयों को इसके लिए अधिकृत किया गया है।

नए नियमों के मुताबिक, किसी भी वैवाहिक आयोजन के लिए अधिकतम 2 व्यावसायिक सिलेंडर ही आवंटित किए जा सकेंगे। यह सिलेंडर अस्थायी रूप से दिए जाएंगे, जिन्हें कार्यक्रम खत्म होने के तुरंत बाद संबंधित गैस एजेंसी को वापस लौटाना आवेदक की जिम्मेदारी होगी।

प्रशासन ने आवेदन की प्रक्रिया को समयबद्ध कर दिया है। किसी भी आयोजन से कम से कम 10 से 12 दिन पहले आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ शादी का कार्ड, आधार कार्ड की कॉपी और स्टांप पेपर संलग्न करना होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जिले में इस प्रक्रिया के तहत 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें सिलेंडर आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गैस एजेंसियों के लिए भी नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं। सभी एजेंसियों को अपने कुल स्टॉक का 10 प्रतिशत हिस्सा केवल शादी-विवाह जैसे अस्थायी कनेक्शनों के लिए आरक्षित (Reserve) रखना होगा।

इसके साथ ही, रेहड़ी-पटरी वाले छोटे दुकानदारों, छात्रों और श्रमिकों को राहत देने के लिए 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। तेल कंपनियों को भी आदेश दिया गया है कि वे एजेंसियों को व्यावसायिक और 5 किलो वाले सिलेंडरों की सप्लाई में तेजी लाएं।

दूसरी ओर, घरेलू सिलेंडरों के अवैध कमर्शियल इस्तेमाल के खिलाफ प्रशासन का हंटर भी चल रहा है। जिलाधिकारी की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र में छापेमारी कर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 1077 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 भी जारी किया है, जिस पर अब तक गैस आपूर्ति से जुड़ी 13 शिकायतें मिली हैं। जिले में फिलहाल 16,767 घरेलू और 4,442 व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जिसे मांग के अनुसार निरंतर बढ़ाया जा रहा है।

उत्तराखंड की प्रमुख सुर्खियां
ऊधम सिंह नगर में वन विभाग का बड़ा एक्शन, बराकोली रेंज में अवैध मजारों पर चला बुलडोजर
देवभूमि में खत्म हुआ पुलिस का खौफ? राजीव महर्षि ने कानून व्यवस्था पर उठाए तीखे सवाल
रानीखेत विधायक के भाई की मौत मामले में बड़ा मोड़, 53 दिन बाद 4 लोगों पर FIR दर्ज
उत्तराखंड में भूमाफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक, गढ़वाल कमिश्नर ने एक झटके में निपटाए 51 केस
देहरादून में पुलिस का महा-सत्यापन अभियान, 43 हजार बाहरी लोगों की हुई जांच, करोड़ों का जुर्माना वसूला
देहरादून: 82 साल के बुजुर्ग का 31 हजार का पानी बिल माफ, DM ने खुद राइफल फंड से चुकाए पैसे

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment