Delhi Weather : दिल्ली और एनसीआर में मौसम हर पल नया रंग दिखा रहा है। कभी तेज धूप चमकती है, तो कभी काले बादल छा जाते हैं और झमाझम बारिश शुरू हो जाती है। सोमवार को भी दिनभर आसमान में बादल मंडराते रहे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश ने मौसम को थोड़ा सुहाना किया, लेकिन उमस ने लोगों को खूब परेशान किया।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था।
मंगलवार को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिसके चलते अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। यानी, दिल्लीवासियों को एक बार फिर बारिश और उमस के मिश्रित मौसम का सामना करना पड़ सकता है।
अगले कुछ दिन भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-NCR में बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। 20 और 21 अगस्त को भी आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 22 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज बारिश हो सकती है।
इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। इसके बाद 23 और 24 अगस्त को भी बारिश और तूफान का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली-NCR के लोगों को बारिश के साथ-साथ उमस और बदलते मौसम के लिए तैयार रहना होगा। छाता और रेनकोट साथ रखें, क्योंकि मौसम का मिजाज कब बदल जाए, कोई नहीं जानता!









