DTC Bus Service : लंबे समय से बंद पड़ी दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC Interstate Bus Service) की इंटरस्टेट बस सर्विस फिर से शुरू होने जा रही है! 23 सितंबर को सुबह 11 बजे दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कश्मीरी गेट आईएसबीटी से दिल्ली-बड़ौत (यूपी) रूट पर चलने वाली DTC बसों को हरी झंडी दिखाएंगी।
DTC छह राज्यों के 17 रूटों पर अपनी बसें चलाएगा। अगर आप दिल्ली से आसपास के राज्यों में सस्ती और आरामदायक यात्रा की तलाश में हैं, तो ये खबर आपके लिए है।
दिल्ली-बड़ौत से शुरू होगी DTC की नई पारी
DTC Interstate Bus Service की शुरुआत दिल्ली-बड़ौत रूट से होगी, जो छह राज्यों के 17 रूटों में पहला है। जल्द ही मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, आगरा, अयोध्या, देहरादून, ऋषिकेश, हल्द्वानी, अलवर, जयपुर, बीकानेर, अमृतसर, चंडीगढ़, पटियाला, जम्मू और पानीपत जैसे शहरों के लिए भी DTC की इंटरस्टेट बसें शुरू होंगी। ये सर्विस यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक सफर का मौका देगी।
छोटे रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
DTC ने छोटे और लंबे रूटों के लिए अलग-अलग बसों की योजना बनाई है। 200 किलोमीटर से कम दूरी वाले रूटों पर DTC पूरी तरह एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बसें (Electric Buses) चलाएगा। वहीं, 200 किलोमीटर से लंबे रूटों पर CNG बसें चलेंगी। दिल्ली-बड़ौत रूट पर शुरुआत में तीन DTC बसें चलेंगी, जो सुबह और शाम की दो शिफ्ट में उपलब्ध होंगी।
ये 12 मीटर लंबी, पूरी तरह एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बसें होंगी। फिलहाल, दिल्ली शहर में चल रही नई इलेक्ट्रिक बसों को ही इस रूट पर इस्तेमाल किया जाएगा। लंबे रूटों के लिए DTC जल्द ही ज्यादा सीटों वाली और और भी आरामदायक AC बसें खरीदेगा।
23 सितंबर को लॉन्च होगा डिजिटल ई-टिकटिंग सिस्टम
DTC Interstate Bus Service के साथ ही 23 सितंबर को दिल्ली की बसों में डिजिटल ई-टिकटिंग सिस्टम (E-Ticketing System) भी शुरू होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसकी शुरुआत करेंगी। इस सिस्टम का ट्रायल अभी राजघाट सहित कुछ डिपो पर चल रहा है। सभी बस कंडक्टरों को GPS सिस्टम से लैस E-POS मशीनें दी जाएंगी।
ये मशीनें बस की रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैक करने, बसों की संख्या का पता लगाने और गूगल मैप के जरिए स्टॉप की जानकारी देने में मदद करेंगी। यात्री UPI, मोबाइल वॉलेट या क्रेडिट कार्ड से टिकट का भुगतान कर सकेंगे।
यात्रियों के लिए नई सुविधाएं
DTC Interstate Bus Service के जरिए यात्रियों को न सिर्फ आरामदायक सफर मिलेगा, बल्कि डिजिटल टिकटिंग और GPS ट्रैकिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। ये कदम दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। तो अगर आप दिल्ली से बड़ौत या अन्य शहरों की यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो तैयार हो जाइए DTC की नई बस सर्विस के साथ एक शानदार सफर के लिए!









