Electric Two-Wheeler : देश के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में हर महीने कुछ न कुछ सरप्राइज होता रहता है। पिछले महीने यानी सितंबर में इस बाजार में एक बार फिर टीवीएस ने सबको पछाड़ दिया। TVS मोटर ने सितंबर में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E2W) बाजार में 21.6% हिस्सेदारी के साथ अपनी नंबर वन पोजीशन कायम रखी, जबकि ओला इलेक्ट्रिक, जो अगस्त में बजाज को पीछे छोड़कर दूसरे स्पॉट पर पहुंची थी, इस बार चौथे स्थान पर लुढ़क गई।
वाहन के आंकड़ों के मुताबिक, TVS ने सितंबर में 7.41% मासिक गिरावट के बावजूद 22,481 पंजीकरण दर्ज करके टॉप पर बनी रही। सितंबर में कुल इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स का पंजीकरण 1,04,056 यूनिट पर बिल्कुल स्थिर रहा, जो मार्केट की हलचल को दिखाता है।
बजाज की जोरदार वापसी, एथर ने ओला को दिया धक्का
सितंबर में बजाज ने शानदार कमबैक किया और 19,519 पंजीकरणों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हो गया। इससे बजाज को 18.76% बाजार हिस्सेदारी मिली। ये रिकवरी पिछले महीने 40% की गिरावट के बाद आई है, जब कंपनी ने महीने-दर-महीने 65.11% की जबरदस्त ग्रोथ दिखाई। वहीं, एथर एनर्जी ने बिक्री और मार्केट शेयर दोनों में ओला इलेक्ट्रिक को पीछे छोड़ दिया। एथर ने 17.40% बाजार हिस्सेदारी के साथ 18,109 यूनिट बेचीं। हालांकि, पिछली महीने की तुलना में एथर एनर्जी की सेल्स लगभग वैसी ही रहीं – न ज्यादा, न कम।
ओला इलेक्ट्रिक के बाद भारतीय शेयर बाजार में लिस्टेड होने वाला दूसरा इलेक्ट्रिक वाहन स्टार्टअप, एथर एनर्जी, अभी 585.2 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। ये प्राइस पिछले महीने से 23% से ज्यादा ऊपर चढ़ा है, जिससे इसका मार्केट कैप 22,279.39 करोड़ रुपये (2.53 अरब डॉलर) हो गया। लेकिन ओला इलेक्ट्रिक के लिए ये महीना मुश्किल रहा – सितंबर में सिर्फ 13,371 यूनिट बिकीं, जो महीने-दर-महीने करीब 30% की ड्रॉप है। ओला इलेक्ट्रिक की मार्केट शेयर भी 18.19% से गिरकर 12.85% रह गई।
हीरो और बाकी प्लेयर्स की स्थिति
हीरो मोटोकॉर्प सितंबर में 12,736 यूनिट की बिक्री के साथ 12.24% बाजार हिस्सेदारी पाकर पांचवें नंबर पर आ गई। ये आंकड़े पिछले महीने से 4.74% नीचे हैं। ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने 4.1% शेयर के साथ छठा स्थान बरकरार रखा। BGAUSS ने अपने इलेक्ट्रिक वाहनों की डिमांड को भुनाया और सितंबर में लगभग 32% मासिक ग्रोथ के साथ एक पायदान ऊपर चढ़ गई।
टॉप 10 में प्योर ईवी, रिवर मोबिलिटी और काइनेटिक ग्रीन भी शामिल रहीं। काइनेटिक ग्रीन ने पिछले महीने 28.4% की ग्रोथ दर्ज की थी। TVS, बजाज और एथर एनर्जी जैसे बड़े नामों के बीच ये छोटे प्लेयर्स भी धीरे-धीरे अपनी जगह बना रहे हैं, जो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट को और रोमांचक बना रहा है।









