EPFO 3.0 : दिवाली से पहले कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब प्रोविडेंट फंड (PF) निकालने के लिए न लंबा इंतजार करना पड़ेगा, न फॉर्म भरने की जरूरत होगी और न ही किसी दफ्तर के चक्कर काटने पड़ेंगे।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक नया सिस्टम लेकर आ रहा है, जिसका नाम है EPFO 3.0। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसे दिवाली से पहले लॉन्च किया जा सकता है। इस सिस्टम के आने के बाद आप अपने PF का पैसा उसी तरह निकाल सकेंगे, जैसे आप अपने बैंक खाते से ATM या UPI के जरिए पैसे निकालते हैं। आइए, इस शानदार बदलाव के बारे में पूरी जानकारी लेते हैं।
अब PF निकालना होगा चुटकियों में
अब तक PF निकालना किसी सिरदर्द से कम नहीं था। पहले ऑनलाइन फॉर्म भरना, फिर दस्तावेज जमा करना और कई बार तो EPFO ऑफिस के चक्कर काटने पड़ते थे। इसके बाद भी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। लेकिन EPFO 3.0 के साथ यह पूरी प्रक्रिया इतिहास बनने वाली है।
अब न तो कोई फॉर्म भरना होगा, न दस्तावेज जमा करने होंगे और न ही किसी अफसर से मिलने की जरूरत होगी। बस अपने मोबाइल पर UPI ऐप खोलें या नजदीकी ATM पर जाएं और PF का पैसा तुरंत निकाल लें।
कैसे काम करेगा EPFO 3.0?
EPFO 3.0 सिस्टम के तहत आपका PF खाता सीधे UPI और ATM नेटवर्क से जुड़ जाएगा। यानी, जिस तरह आप अपने बैंक के बचत खाते से ATM के जरिए पैसे निकालते हैं, ठीक वैसे ही अब PF का पैसा भी निकाल सकेंगे। इसके लिए आपको आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर या एक सुरक्षित पिन का इस्तेमाल करना होगा।
यह सिस्टम इस तरह डिजाइन किया गया है कि आपकी सुरक्षा बनी रहे और पैसा निकालना आसान हो। हालांकि, शुरुआत में PF निकासी की कुछ सीमा हो सकती है, ताकि सिस्टम सुरक्षित रहे और कोई गड़बड़ी न हो।
आपकी उंगलियों पर होगी PF की पूरी जानकारी
EPFO 3.0 सिर्फ पैसे निकालने का आसान तरीका ही नहीं ला रहा, बल्कि एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लेकर आ रहा है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए आप अपने PF खाते की हर जानकारी मोबाइल या कंप्यूटर पर देख सकेंगे।
आप चेक कर सकेंगे कि आपकी सैलरी से हर महीने कितना PF जमा हो रहा है, आपका बैलेंस कितना है और अगर कोई क्लेम डाला है तो उसका स्टेटस क्या है। इतना ही नहीं, अगर आपके PF खाते में कोई गलती है, जैसे नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि या बैंक डिटेल्स में त्रुटि, तो उसे भी घर बैठे ठीक कर सकेंगे।
दिवाली से पहले मिलेगी राहत
EPFO 3.0 को पहले जून 2025 में लॉन्च करने की योजना थी, लेकिन तकनीकी तैयारियों और टेस्टिंग के कारण इसमें थोड़ी देरी हुई। अब खबर है कि इसे दिवाली से पहले लागू किया जा सकता है। मनी कंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 10 और 11 अक्टूबर को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक होगी।
इस बैठक में EPFO 3.0 को मंजूरी मिल सकती है। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो इस दिवाली से पहले करोड़ों कर्मचारियों को अपने PF तक आसान पहुंच मिल जाएगी।









