Fridge Cleaning Tips : हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में फ्रिज एक जरूरी उपकरण बन चुका है। चाहे गर्मियों में ठंडी चीज़ों का मज़ा लेना हो या फिर बचा हुआ खाना फ्रेश रखना हो फ्रिज हर घर की ज़रूरत है।
खासकर कामकाजी लोगों के लिए यह किसी मददगार साथी से कम नहीं। वे अक्सर रात में ही अगले दिन का खाना तैयार कर फ्रिज में रख देते हैं, ताकि सुबह जल्दी तैयार होकर ऑफिस जा सकें।
लेकिन कई बार हम फ्रिज में इतना सामान भर देते हैं कि वह बिखरा हुआ और गंदा लगने लगता है। ऐसे में चीज़ें ढूंढना मुश्किल हो जाता है और सफाई का झंझट भी बढ़ जाता है।
अगर आप चाहती हैं कि आपका फ्रिज हमेशा चमकता रहे और सारा सामान सलीके से रखा दिखे, तो अपनाएं ये आसान और कारगर ऑर्गेनाइजेशन टिप्स।
सबसे पहले करें डी-क्लटरिंग
फ्रिज को ऑर्गेनाइज करने की शुरुआत सफाई से करें। सबसे पहले फ्रिज को पूरी तरह खाली कर दें। कई बार हम खाने की चीज़ें रखकर भूल जाते हैं और वो खराब हो जाती हैं। इसलिए एक्सपायर्ड या खराब चीज़ों को तुरंत बाहर निकालें।
अब एक साफ कपड़े से या हल्के गीले माइक्रोफाइबर क्लॉथ से फ्रिज के अंदरूनी हिस्से को पोंछ लें। चाहें तो नींबू के रस या सिरके के घोल से हल्का क्लीनिंग कर सकते हैं इससे बदबू भी दूर होगी और फ्रिज ताज़ा महकता रहेगा।
खाने की चीज़ों को रखें सही तरीके से
खाने की चीज़ों को स्टोर करने के लिए एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें। इससे खाना ज़्यादा समय तक फ्रेश रहता है और फ्रिज भी साफ दिखता है।
बचा हुआ खाना ट्रांसपेरेंट डिब्बों में रखें ताकि अंदर क्या है, आसानी से दिख सके। रोज़ाना इस्तेमाल होने वाली चीज़ें, जैसे दूध, दही या ब्रेड, फ्रिज की आगे वाली शेल्फ पर रखें।
सॉस, जैम, अचार जैसी बोतलें फ्रिज के दरवाज़े की रैक में रखें। ड्रिंक्स की बोतलें भी साइड रैक में रखें ताकि जगह व्यवस्थित दिखे।
फ्रोजन आइटम्स को हमेशा फ्रीज़र सेक्शन में स्टोर करें।
सब्ज़ियों को ऐसे करें स्टोर
अक्सर लोग सारी सब्ज़ियां एक साथ रख देते हैं, जिससे वे जल्दी खराब हो जाती हैं। हरी पत्तेदार सब्ज़ियों को पेपर या टिश्यू में लपेटकर रखें, इससे उनमें नमी नहीं जमती।
सब्ज़ियों को काटकर एयरटाइट बॉक्स में स्टोर करें। कोशिश करें कि फ्रिज में ज़रूरत से ज़्यादा सब्ज़ियां न रखें, ताकि हवा का सर्कुलेशन बना रहे।
फूड लेबलिंग से मिलेगा आसान समाधान
अगर आप पहले से खाना तैयार कर लेती हैं तो हर डिब्बे पर डेट और आइटम का नाम ज़रूर लिखें।
इससे आपको पता रहेगा कि कौन सी चीज़ कब रखी गई थी और कब तक इस्तेमाल करनी है। यह आदत फूड वेस्टेज को काफी कम करती है।
फ्रिज को हमेशा रखें साफ
फ्रिज की सफाई सिर्फ तब न करें जब उसमें बदबू आने लगे। हफ्ते में कम से कम एक बार अंदर के शेल्फ और दरवाज़े की रैक को साफ करें।
पुराने डिब्बों की जांच करें और अनयूज्ड चीज़ें बाहर निकालें। इस तरह आपका फ्रिज हमेशा हाइजेनिक और चमकदार बना रहेगा।
क्या आलू और प्याज फ्रिज में रख सकते हैं?
नहीं, आलू और प्याज को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। इन्हें ठंडी और सूखी जगह पर रखें। फ्रिज में रखने से ये जल्दी खराब हो जाते हैं और स्वाद भी बिगड़ सकता है।
फ्रिज से बदबू कैसे हटाएं?
फ्रिज से आने वाली अप्रिय गंध को दूर करने के लिए एक छोटा कटोरा लेकर उसमें बेकिंग सोडा या कॉफी पाउडर रख दें। यह गंध को सोख लेता है और फ्रिज को ताज़ा महकता रखता है।
अगर आप इन आसान टिप्स को अपनाते हैं तो आपका फ्रिज हमेशा साफ, सुथरा और ऑर्गेनाइज्ड रहेगा। इससे न केवल चीज़ें ढूंढने में आसानी होगी बल्कि खाना भी ज़्यादा समय तक फ्रेश बना रहेगा।
एक बार सही तरीके से अरेंज कर देने के बाद, बस थोड़ी-सी मेंटेनेंस से आपका फ्रिज हमेशा नया जैसा लगेगा।







