देहरादून, 01 अप्रैल (द ऑनलाइन पोस्ट)। इजरायल और मध्यपूर्व के देशों के बीच जारी युद्ध की तपिश अब देवभूमि के पहाड़ों तक पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई चेन टूटने का सीधा असर उत्तराखंड के फ्यूल स्टेशन्स पर दिखने लगा है।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में जाम छलकाना हुआ महंगा, 1 अप्रैल से बदल गए शराब के रेट
पर्वतीय जिलों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत इतनी बढ़ गई है कि कई पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लटक गए हैं। चारधाम यात्रा और शादियों का सीजन सिर पर है, ऐसे में होटल और रेस्टोरेंट कारोबारी गैस और तेल के दोहरे संकट से जूझ रहे हैं।
गैस सिलेंडरों की किल्लत ने वैकल्पिक ईंधनों के दाम में आग लगा दी है। टाल से सीधे खरीदने पर जो लकड़ी पहले ₹800 में मिलती थी, वह अब ₹1200 प्रति कुंतल बिक रही है। वहीं, होम डिलीवरी और कमर्शियल डिमांड पर यही लकड़ी ₹2000 प्रति कुंतल के भाव पहुंच गई है।
कोयले की कीमतों ने भी पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रेस्टोरेंट संचालकों के मुताबिक, जो कोयला ₹3800 प्रति कुंतल था, उसके दाम अब ₹4500 तक पहुंच गए हैं। देहरादून के बंजारावाला और प्रेमनगर जैसे इलाकों में छोटे ढाबा संचालक अब महंगी लकड़ी पर खाना पकाने को मजबूर हैं।
राजधानी देहरादून में जिला प्रशासन ने तेल की जमाखोरी रोकने के लिए सख्त फरमान जारी किया है। अब किसी भी निर्माण कार्य के लिए ड्रम या डिब्बों में खुला पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा। स्थिति यह है कि साइट पर चलने वाली जेसीबी मशीनों को भी डीजल भरवाने के लिए खुद पंप तक आना पड़ रहा है।
निजी पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म होने की वजह से सरकारी (कंपनी आउटलेट) पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। पिछले 48 घंटों में सरकारी पंपों की सेल में 20 फीसदी का अचानक उछाल दर्ज किया गया है। लोग डर के मारे गाड़ियों की टंकियां फुल करा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: 17 हजार से ज्यादा घरों में पहुंचा सिलेंडर, डीएम सविन बंसल खुद कर रहे मॉनिटरिंग
इधर, संकट के बीच कालाबाजारी करने वाले भी सक्रिय हो गए हैं। पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रेमनगर के ठाकुरपुर में एक दुकान पर छापा मारकर अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से घरेलू सिलेंडर और रिफिलिंग किट बरामद कर एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हालांकि, पूर्ति विभाग के अधिकारी इसे केवल ‘पैनिक बाइंग’ बता रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी कैलाश अग्रवाल का कहना है कि सप्लाई चेन पूरी तरह बाधित नहीं है, लेकिन लोग अफवाहों के चलते जरूरत से ज्यादा तेल स्टोर कर रहे हैं। विभाग जल्द ही पेट्रोल पंप एसोसिएशन के साथ आपात बैठक कर राशनिंग पर फैसला ले सकता है।









