हल्द्वानी में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। नैनीताल सांसद अजय भट्ट से जब इस मामले में सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ किनारा कर लिया।
वे यहां सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मीडिया ने जब पूर्व विधायक की कथित पत्नी के वायरल वीडियो पर उनकी राय जाननी चाही, तो भट्ट ने जानकारी होने से ही इनकार कर दिया।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने सवालों के जवाब में शायराना अंदाज अपनाया। उन्होंने कहा, “कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।” अजय भट्ट ने अंकिता हत्याकांड को बेहद दुखद बताया लेकिन जोर देकर कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।
वे इस मुद्दे पर कोई भी टिप्पणी करके मीडिया ट्रायल को बढ़ावा नहीं देना चाहते। उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी के खिलाफ राजनीतिक वार नहीं करते, लेकिन जो गलत है उसके लिए कानून बना हुआ है।
असल में, भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की कथित पत्नी उर्मिला सनावर के एक वीडियो ने पूरे प्रदेश में खलबली मचा दी है। उर्मिला ने वीडियो में दावा किया है कि अंकिता भंडारी केस में “गट्टू” ही वह वीआईपी था।
इस खुलासे के बाद कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है और गंभीर आरोप लगा रहा है। इसी सियासी घमासान के बीच भाजपा नेता इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।









