Healthy Cooking Oils : आज के समय में हार्ट अटैक और हार्ट डिजीज के बढ़ते मामलों के बीच लोग अपने खाने-पीने के विकल्पों को लेकर बहुत सतर्क हो गए हैं।
ऐसे में ऑलिव ऑयल को हेल्दी तेल के रूप में खूब सराहा जाता है। सोशल मीडिया पर एक्सपर्ट्स भी अक्सर इसे खाने में शामिल करने की सलाह देते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे सही तरीके से इस्तेमाल करना भी जरूरी है, वरना फायदे की बजाय नुकसान भी हो सकता है?
ऑलिव ऑयल के फायदे
ऑलिव ऑयल, खासकर एक्सट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल, में पाए जाने वाले पोषक तत्व स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं। इसमें मुख्य रूप से ओलिइक एसिड और मोनो सैचुरेटेड फैट्स होते हैं।
ये आपके शरीर में सूजन (Inflammation) और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं, जो कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव में मददगार हैं।
इसके अलावा, ऑलिव ऑयल में एंटीऑक्सीडेंट्स की भरपूर मात्रा होती है। इससे हार्ट डिजीज का खतरा कम होता है और शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
ऑलिव ऑयल का सही इस्तेमाल
ऑलिव ऑयल स्वास्थ्य के लिए अच्छा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप इसे फ्राई या डीप फ्राई में बेफिक्र इस्तेमाल कर सकते हैं। सही तरीका है इसे कच्चा ही लेना।
आप इसे सलाद में एक चम्मच डालकर खा सकते हैं। नमकीन, चने या स्नैक्स के ऊपर भी डाल सकते हैं।
अगर आप फ्राई करने के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो पोमेस ऑलिव ऑयल चुनें।
ध्यान रखें कि इसमें कच्चे एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल जितने पोषक तत्व नहीं होते।









