Home Remedies For Cold : मौसम बदलते ही बहुत से लोग सर्दी-जुकाम और बहती नाक की समस्या से जूझने लगते हैं। इस दौरान इम्यून सिस्टम कमजोर पड़ने लगता है और शरीर आसानी से इंफेक्शन की चपेट में आ जाता है।
अक्सर लोग जल्दी राहत पाने के लिए एंटी-बायोटिक्स का सहारा ले लेते हैं, लेकिन बार-बार इनका इस्तेमाल करना सेहत के लिए सही नहीं होता।
ऐसे में अगर आप कुछ प्राकृतिक फूड्स को अपनी डाइट में शामिल कर लें, तो बिना दवा के ही बहती नाक और जुकाम जैसी परेशानी से छुटकारा पाया जा सकता है।
आइए जानते हैं कुछ ऐसे असरदार फूड्स के बारे में, जो आपकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाकर आपको सर्दी-जुकाम से बचा सकते हैं।
ग्रीन टी
ग्रीन टी में फ्लेवोनॉयड्स और एंटी-इन्फ्लेमेट्री गुण भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह शरीर को अंदर से गर्म रखती है और इम्यून सिस्टम को मजबूत करती है।
दिन में एक कप ग्रीन टी पीने से बहती नाक और गले की खराश में काफी आराम मिलता है।
विटामिन-सी से भरपूर फल
संतरा, पपीता, स्ट्रॉबेरी और तरबूज जैसे फल विटामिन-सी के बेहतरीन स्रोत हैं।
ये शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को दुरुस्त रखते हैं और सर्दी-जुकाम होने की संभावना को कम कर देते हैं।
शहद
शहद प्राकृतिक एंटी-बैक्टीरियल माना जाता है। इसे गुनगुने पानी या दूध के साथ लेने से बहती नाक और खांसी में काफी आराम मिलता है। यह गले को भी सुकून देता है और इंफेक्शन से बचाव करता है।
ब्लूबेरी
ब्लूबेरी में सबसे अधिक सक्रिय एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। यह शरीर को फ्री-रेडिकल्स से बचाते हैं और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं।
नाश्ते में ब्लूबेरी को शामिल करना सर्दी-जुकाम से बचने का आसान तरीका हो सकता है।
लहसुन और प्याज
लहसुन और प्याज में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण फ्लू और जुकाम के लक्षणों से लड़ने में बेहद असरदार साबित होते हैं। इनका सूप बनाकर सेवन करने से नाक बंद और बहती नाक की समस्या जल्दी ठीक हो सकती है।
अगर आप सर्दी-जुकाम से नेचुरल तरीके से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो इन फूड्स को अपनी डाइट में ज़रूर शामिल करें।
इससे न केवल आपकी इम्यूनिटी मजबूत होगी, बल्कि एंटी-बायोटिक्स पर निर्भरता भी कम होगी।









