Dehradun Premnagar Student Murder : राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केहरी गांव में वर्चस्व की लड़ाई ने एक होनहार छात्र की बलि ले ली।
सोमवार की रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक मारपीट में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना की उपचार के दौरान दून अस्पताल में मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर किया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के युवक प्रेमनगर के ही एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं। इनके बीच काफी समय से कॉलेज में दबदबा बनाने को लेकर रंजिश चल रही थी।
सोमवार रात इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 61(2), 103(1) और 191(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जो बिहार और उत्तराखंड के ही रहने वाले हैं।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में बिहार के भोजपुर का रहने वाला युवराज कुमार (BBA द्वितीय वर्ष), रुद्रपुर का मधुर खंडेलवाल (B.Tech तृतीय वर्ष) और पटना का शिवम शर्मा (B.Tech तृतीय वर्ष) शामिल हैं। ये तीनों छात्र वर्तमान में प्रेमनगर क्षेत्र में ही किराए पर रह रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस हत्याकांड में शामिल अन्य छात्रों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।









