Kalabhavan Navas Death : मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के लिए शनिवार सुबह एक दुखद खबर लेकर आई। मशहूर मिमिक्री आर्टिस्ट और अभिनेता कलाभवन नवस अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके अचानक निधन से मलयालम सिनेमा जगत में शोक का माहौल है। नवस को चोट्टानिकारा के एक होटल में बेहोशी की हालत में पाया गया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वे अपनी नई फिल्म की शूटिंग के लिए वहां आए थे। उनके निधन ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। उनके एक क्रू मेंबर ने उनके आखिरी पलों को याद करते हुए कहा, “कुछ ही घंटे पहले तो वो हंसते-मुस्कुराते सेट पर थे।”
कुछ घंटे पहले का हंसी-मजाक
कलाभवन नवस की आने वाली फिल्म ‘प्रकम्बनम’ के सेट पर उनके करीबी दोस्त और क्रू मेंबर ने उनके आखिरी पलों को याद किया। उन्होंने बताया कि नवस पूरे दिन सेट पर सबके साथ हंसी-मजाक कर रहे थे। उनकी एनर्जी और जिंदादिली देखकर कोई नहीं कह सकता था कि ये उनका आखिरी दिन होगा।
क्रू मेंबर ने भावुक होते हुए कहा, “वो सेट पर सबसे ज्यादा हंसाने वाला इंसान था। हमने कभी नहीं सोचा था कि ये उसका आखिरी शूट होगा।” नवस की इस तरह अचानक विदाई ने उनके दोस्तों और फैंस को सदमे में डाल दिया है।
होटल में ली आखिरी सांस
जानकारी के मुताबिक, कलाभवन नवस अपनी फिल्म ‘प्रकम्बनम’ की शूटिंग के लिए चोट्टानिकारा आए थे और एक होटल में रुके हुए थे। शुक्रवार शाम को उन्हें होटल से चेक-आउट करना था, लेकिन जब वे तय समय पर रिसेप्शन पर नहीं पहुंचे, तो होटल स्टाफ उनके कमरे में गया।
वहां नवस बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़े मिले। स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब उनका पोस्टमार्टम कलामस्सेरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में होगा।
तौलिया-साबुन बिस्तर पर, फिर भी रहस्य बरकरार
होटल स्टाफ ने बताया कि नवस के कमरे में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। स्टाफ के अनुसार, नवस शुक्रवार शाम करीब 6 बजे शूटिंग से लौटे थे। उन्होंने रिसेप्शन पर कहा था कि वे रात 8 बजे तक चेक-आउट कर लेंगे। लेकिन 9 बजे तक न तो वे बाहर आए और न ही उनका कोई फोन आया। इसके बाद स्टाफ उनके कमरे में गया, जहां वे फर्श पर गिरे हुए थे।
उनके बिस्तर पर तौलिया और साबुन पड़ा था, जिससे लगता है कि वे फ्रेश होने की तैयारी कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस और मेडिकल जांच से ही मौत का सही कारण सामने आएगा।









