Kanpur Murder Case : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो आपके रोंगटे खड़े कर देगी। इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्यार और शादी के दबाव ने एक बेगुनाह लड़की की जान ले ली।
प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी, शव को सूटकेस में ठूंसकर 95 किलोमीटर दूर बांदा के चिल्लाघाट पहुंचा। वहां उसने सूटकेस के साथ सेल्फी खींची और उसे अपने स्टेटस पर डाल दिया। इसके बाद शव को यमुना नदी में फेंक दिया।
हनुमंत विहार में दो महीने पहले हुआ हत्याकांड
पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा शनिवार को किया। कानपुर पुलिस ने हत्या के आरोपी प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह खौफनाक वारदात 21 जुलाई को हुई थी।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से वह सेल्फी भी बरामद की है, जिसमें वह सूटकेस के साथ पोज दे रहा था। अभी तक शव की तलाश जारी है। मृतका आकांक्षा (20) कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के सुजनीपुर की रहने वाली थी। वह अपनी बड़ी बहन के साथ बर्रा में किराए के मकान में रहती थी।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी प्यार की कहानी
आकांक्षा की मुलाकात फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र के हरीखेड़ा निवासी सूरज से करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दस महीने पहले आकांक्षा ने हनुमंत विहार के एक रेस्टोरेंट में नौकरी शुरू की।
सूरज ने बहाना बनाया कि बर्रा का घर रेस्टोरेंट से दूर है और आठ महीने पहले उसने आकांक्षा को हनुमंत विहार में किराए का कमरा दिलवाया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब आकांक्षा को पता चला कि सूरज का किसी दूसरी लड़की से भी अफेयर चल रहा है।
विवाद के बाद बेरहमी से की हत्या
21 जुलाई की शाम को इस बात पर दोनों में तीखी बहस हुई। गुस्से में सूरज ने आकांक्षा की छाती पर ताबड़तोड़ घूंसे मारे और गला दबाकर उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने दोस्त आशीष को बुलाया, जो फतेहपुर के जाफरगंज थाना क्षेत्र के खानपुर कदीम का रहने वाला है। दोनों ने मिलकर शव को सूटकेस में बंद किया और बाइक से बांदा के चिल्लाघाट पहुंचे। वहां उन्होंने सूटकेस को यमुना नदी में फेंक दिया।
मां की शिकायत पर खुला राज
आकांक्षा की मां विजयश्री ने बताया कि उनकी बेटी 21 जुलाई के बाद से लापता थी। 8 अगस्त को उन्होंने हनुमंत विहार थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
आखिरकार 16 सितंबर को विजयश्री ने सूरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने सूरज के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और लोकेशन के आधार पर उसे और आशीष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सूरज ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
शादी का दबाव बना रहा था हत्या का कारण
सूरज ने पुलिस को बताया कि आकांक्षा उस पर शादी का दबाव बना रही थी और दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की धमकी दे रही थी। इसी गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठाया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।









