Sanjay Kapoor Property Dispute : दिल्ली हाई कोर्ट में शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों और संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर के बीच संपत्ति विवाद को लेकर गर्मागर्म सुनवाई हुई। इस दौरान करिश्मा की बेटी समायरा ने कोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा किया कि उनकी यूनिवर्सिटी की फीस पिछले दो महीने से नहीं भरी गई है। समायरा अमेरिका की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही हैं। लेकिन प्रिया कपूर ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। कोर्ट ने समायरा के इस बयान पर नाराजगी जताते हुए सख्त हिदायत दी कि ऐसी बातें दोबारा अदालत में नहीं आनी चाहिए।
कोर्ट में क्या हुआ?
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली हाई कोर्ट ने करिश्मा के बच्चों द्वारा दायर एक इंटरिम इंजंक्शन याचिका पर भी सुनवाई की। इस याचिका में समायरा और उनके भाई कियान ने प्रिया को संजय कपूर की संपत्ति बेचने से रोकने की मांग की है। बच्चों की ओर से सीनियर एडवोकेट महेश जेठमलानी ने कोर्ट में दलील दी कि प्रिया के पास बच्चों की संपत्ति है, इसलिए समायरा की फीस का ख्याल रखना उनकी जिम्मेदारी थी। जेठमलानी ने कहा, “समायरा अमेरिका में पढ़ रही है, लेकिन दो महीने से उसकी फीस पेंडिंग है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि हिंदू विवाह कानून के तहत बच्चों की पढ़ाई और खर्च की जिम्मेदारी संजय कपूर की थी, जो अब प्रिया को निभानी चाहिए।
प्रिया ने लगाए आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर, प्रिया कपूर की तरफ से सीनियर एडवोकेट राजीव नायर ने सभी आरोपों को गलत करार दिया। उन्होंने दावा किया कि बच्चों के नाम पर जमा सभी खर्च प्रिया ने पहले ही क्लियर कर दिए हैं। प्रिया के एक अन्य वकील शायल त्रेहन को कोर्ट ने हिदायत दी कि ऐसे मामलों को भविष्य में सावधानी से हैंडल किया जाए। जज ज्योति सिंह ने सख्त लहजे में कहा, “मैं इस मुद्दे पर 30 सेकेंड से ज्यादा समय नहीं देना चाहती। ऐसी बातें दोबारा मेरी कोर्ट में नहीं आनी चाहिए। सुनवाई को ड्रामा नहीं बनाना है। यह जिम्मेदारी आपकी है।”
अगली सुनवाई कब?
दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर को तय की है। गौरतलब है कि संजय कपूर की मौत 12 जून 2025 को लंदन में दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। उनकी मौत के बाद करिश्मा के बच्चों समायरा और कियान ने प्रिया के खिलाफ केस दायर किया। उनका आरोप है कि प्रिया ने संजय की वसीयत में हेरफेर किया है। बच्चों का कहना है कि संजय ने उन्हें अपनी संपत्ति में हिस्सा देने का वादा किया था, लेकिन अब वसीयत के दस्तावेजों में यह बात गायब है।
संपत्ति विवाद की जड़
यह मामला संजय कपूर की संपत्ति और उनकी वसीयत को लेकर है। करिश्मा के बच्चों का दावा है कि उनके पिता ने उन्हें संपत्ति में हिस्सा देने की बात कही थी, लेकिन प्रिया ने वसीयत में बदलाव कर उनके हक को छीन लिया। दूसरी ओर, प्रिया इन आरोपों को बेबुनियाद बता रही हैं। कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली, लेकिन जज ने साफ कर दिया कि वे इस मामले को अनावश्यक रूप से ड्रामेटिक नहीं होने देंगे।









