Laughter Chefs 2 Winner : कलर्स और जियो हॉटस्टार का सुपरहिट कुकिंग रियलिटी शो लाफ्टर शेफ्स 2 का खिताब आखिरकार एल्विश यादव और करण कुंद्रा की जोड़ी ने अपने नाम कर लिया। इस जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन के साथ चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बीते दिन शो का ग्रैंड फिनाले हुआ, जिसमें 7 जोड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला।
खास बात ये रही कि करण-एल्विश और रीम शेख-अली गोनी की जोड़ी के बीच कांटे की टक्कर हुई। स्कोरबोर्ड ने भी साफ कर दिया कि किस जोड़ी ने कितने स्टार्स बटोरे। आइए, आपको बताते हैं कि इस शो में कौन सी जोड़ी किस पायदान पर रही और क्या रहा पूरा स्कोरकार्ड!
कंटेस्टेंट्स का स्कोरकार्ड: किसने कितने स्टार्स जीते?
ग्रैंड फिनाले में स्कोरबोर्ड ने सभी की नजरें अपनी ओर खींचीं। एल्विश यादव और करण कुंद्रा की जोड़ी ने 51 स्टार्स के साथ पहला स्थान हासिल किया और विनर बनकर उभरे। वहीं, रीम शेख और अली गोनी की जोड़ी ने 38 स्टार्स के साथ दूसरा स्थान पाया। बाकी जोड़ियों का स्कोर कुछ इस तरह रहा- विक्की जैन और अंकिता लोखंडे को 21 स्टार्स, निया शर्मा और सुदेश लहरी को 19 स्टार्स, अभिषेक कुमार और समर्थ जुरैल को 18 स्टार्स, कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह को 14 स्टार्स, और रुबीना दिलैक-राहुल वैद्य की जोड़ी को 13 स्टार्स मिले। बता दें कि पिछले सीजन में अली गोनी और राहुल वैद्य की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया था।
अली-रीम को पछाड़कर बने चैंपियन
शो के विनर का नाम पहले ही सोशल मीडिया पर छा गया था। फैंस करण और एल्विश की कुकिंग स्किल्स की तारीफ करते नहीं थक रहे थे, और उनकी भविष्यवाणी बिल्कुल सही साबित हुई। करण और एल्विश ने शानदार प्रदर्शन के साथ ट्रॉफी अपने नाम की। दूसरी ओर, पिछले सीजन के विनर अली गोनी और उनकी जोड़ीदार रीम शेख इस बार रनर-अप रहे। दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला इतना रोमांचक था कि दर्शक स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाए।
शो में कौन-कौन थे शामिल?
लाफ्टर शेफ्स 2 में टीवी इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारों ने हिस्सा लिया। इस शो की खासियत थी कुकिंग और कॉमेडी का धमाकेदार मिश्रण। कुल 14 सेलेब्स ने 7 जोड़ियों के रूप में हिस्सा लिया, जिनमें रुबीना दिलैक-राहुल वैद्य, निया शर्मा-सुदेश लहरी, अभिषेक कुमार-समर्थ जुरैल, विक्की जैन-अंकिता लोखंडे, कृष्णा अभिषेक-कश्मीरा शाह, एल्विश यादव-करण कुंद्रा और अली गोनी-रीम शेख शामिल थे। शो को मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और शेफ हरपाल सिंह सोखी ने होस्ट किया, जिन्होंने अपने मजेदार अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया।








