---Advertisement---

Mahendra Bhatt BJP : ‘फ्लॉप शो’ साबित हुई कांग्रेस की देहरादून रैली, भट्ट ने गिनाई कमियां

---Advertisement---

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने देहरादून में कांग्रेस की रैली को ‘फ्लॉप शो’ करार देते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली में ‘मुस्लिम यूनिवर्सिटी’ के समर्थन में नारे लगे और भीड़ भाड़े पर बुलाई गई थी। भट्ट के अनुसार, जनता की अनुपस्थिति यह सिद्ध करती है कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता धामी सरकार के विकास कार्यों के साथ है।

देहरादून। (Mahendra Bhatt BJP) उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राजधानी देहरादून में आयोजित कांग्रेस की रैली पर कड़ा प्रहार किया है। भट्ट ने इस प्रदर्शन को ‘भाड़े की भीड़’ और ‘मुस्लिम यूनिवर्सिटी’ समर्थकों का जमावड़ा बताते हुए इसे पूरी तरह फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आत्ममुग्धता में डूबी है, लेकिन राज्य की जागरूक जनता आने वाले समय में उसे करारा जवाब देगी। भट्ट ने स्पष्ट किया कि रैली में जनता की दूरी ने कांग्रेस की नकारात्मक और भ्रम फैलाने वाली राजनीति की पोल खोलकर रख दी है।

रैली में मुस्लिम यूनिवर्सिटी के नारों की गूंज

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की यह रैली पूर्व में घोषित जनहित के मुद्दों से भटक गई थी। प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम यूनिवर्सिटी के समर्थन में नारे लगे और मदरसा बोर्ड की वापसी की मांग वाले बैनर-पोस्टर दिखाई दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ कांग्रेस राज्य में डेमोग्राफी बदलाव और अवैध अतिक्रमण पर दिखावटी हमला बोलती है, वहीं दूसरी ओर रैली में उसकी तुष्टिकरण की राजनीति की स्पष्ट झलक दिखाई दी। भट्ट ने इसे जनता के बीच झूठ और भ्रम फैलाने की कांग्रेस की एक और असफल कोशिश बताया है।

विकास पथ पर उत्तराखंड और कांग्रेस का भ्रम

भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, आज के प्रदर्शन में आम जनता की अनुपस्थिति यह प्रमाणित करती है कि उत्तराखंड विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने वाले वर्ष को विकास की रफ्तार दोगुनी करने के अवसर के रूप में देख रही है, जबकि कांग्रेस नेता केवल राजनीतिक प्रपंचों में उलझे हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रैली में दिखाई दिए पोस्टर कांग्रेस के उस ‘छिपे हुए एजेंडे’ को उजागर करते हैं, जिसका वादा शायद उन्होंने बंद कमरों में कर रखा है।

चार साल के विकास कार्यों का हिसाब

भट्ट ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बीते 4 वर्षों में धामी सरकार ने जनकल्याण के अभूतपूर्व कार्य किए हैं। भाजपा ने अपने सभी चुनावी वादों को धरातल पर उतारा है और शेष कार्यकाल में उम्मीद से अधिक परिणाम देने जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों के आंकड़े भी उत्तराखंड के चौमुखी विकास की पुष्टि करते हैं। सरकार देवभूमि के स्वरूप को अक्षुण्ण रखने और संस्कृति व विरासत को संजोने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भ्रष्टाचार और नकल माफिया पर लगाम

कांग्रेस पर पलटवार करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष को इस बात से पीड़ा है कि भाजपा ने राज्य की पुरानी समस्याओं का समाधान कैसे कर दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने भ्रष्टाचार की जिस बेल को सींचा था, वर्तमान सरकार ने उसे जड़ से सुखा दिया है। नियुक्ति प्रक्रिया को नकल माफियाओं के चंगुल से मुक्त कर रिकॉर्ड युवाओं को रोजगार दिया गया है। इसके अलावा, मातृशक्ति और राज्य आंदोलनकारियों के आरक्षण जैसे लंबित मुद्दों को सुलझाकर सरकार ने अपनी मंशा साफ कर दी है।

मुद्दाविहीन विपक्ष को जनता का जवाब

अंत में भट्ट ने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह मुद्दाविहीन और विचारहीन हो गई है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वे राजधानी में महज 5 हजार लोग जुटा पाए, जबकि स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की पावो जैसी जगह पर हुई सभा में 3 हजार से ज्यादा लोग जुटे थे। यह अंतर साफ दिखाता है कि जनता का झुकाव किधर है। उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी कि वे अपने ही फैलाए भ्रम के जाल से बाहर निकलकर सकारात्मक राजनीति की शुरुआत करें।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment