---Advertisement---

महेंद्र भट्ट का तीखा तंज – 4 नेताओं की पार्टी रह गई कांग्रेस, प्रभारी को दिल्ली से फुर्सत नहीं

---Advertisement---

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों की बिसात अभी से बिछने लगी है। भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा है कि जिस पार्टी के पास अपने प्रत्याशी तक नहीं हैं, वह भाजपा के निष्कासित नेताओं के दम पर चुनाव लड़ने का ख्वाब देख रही है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने साफ किया कि भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है और जिन्हें पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखाया, उन्हें अपनाना कांग्रेस की मजबूरी बन चुका है।

भट्ट ने तंज कसते हुए कहा कि कल तक जो कांग्रेस भाजपा पर उनके नेता चुराने का आरोप लगाती थी, आज वह खुद भाजपा के ‘रिजेक्टेड’ चेहरों के भरोसे है। उन्होंने इसे 2027 में भाजपा की दो-तिहाई बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनने का पूर्व संकेत बताया। भट्ट के अनुसार, जो कमियां भाजपा के अनुशासन में फिट नहीं बैठीं, शायद वही कांग्रेस की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बन गई हैं।

सियासी गलियारों में चर्चा ‘भीतरी और बाहरी’ को लेकर भी तेज है। इस पर विराम लगाते हुए भट्ट ने स्पष्ट किया कि भाजपा में शामिल होने वाला हर व्यक्ति केवल ‘कार्यकर्ता’ होता है। संगठन उसकी क्षमता और उपयोगिता के आधार पर उसे सरकार या संगठन में जिम्मेदारी देता है। उन्होंने साफ कहा कि वैचारिक रूप से स्थापित करना ही पार्टी का मुख्य उत्तरदायित्व है।

राज्य में लंबे समय से लंबित ‘दायित्वधारियों’ की सूची पर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस समय दिल्ली दौरे पर हैं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। सीएम ने पीएम को उत्तराखंड आने का न्योता देने के साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन पर चर्चा की है। भट्ट ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री के देहरादून लौटते ही नई सूची जारी कर दी जाएगी।

कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति पर प्रहार करते हुए भट्ट ने उसे ‘चार नेताओं की पार्टी’ बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी को देवभूमि की धरती पर आना भी जरूरी नहीं लगता। दिल्ली में बैठकर देहरादून की बैठकें करना कांग्रेस की जमीनी हकीकत को दर्शाता है। जबकि भाजपा का कार्यकर्ता 24 घंटे और सातों दिन जनता के बीच सक्रिय रहता है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment