Menstrual Health Tips : महिलाओं के लिए पीरियड्स का समय काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इन दिनों शरीर में दर्द, थकान और मूड स्विंग जैसी परेशानियां आम हैं।
लेकिन क्या आप जानती हैं कि इस दौरान की गई कुछ छोटी-छोटी गलतियां आपकी दिक्कतों को और बढ़ा सकती हैं? अगर आप चाहती हैं कि ये दिन थोड़ा आसान बनें, तो इन बातों का ध्यान जरूर रखें।
बार-बार वेजाइनल एरिया को पानी से साफ करने से बचें
कई महिलाएं पीरियड्स के दौरान हर बार वॉशरूम जाने के बाद वेजाइनल एरिया को बार-बार पानी से साफ करती हैं। लेकिन ऐसा करना हमेशा फायदेमंद नहीं होता।
बार-बार पानी से क्लीन करने के बाद अगर एरिया को ठीक से ड्राई नहीं किया जाता, तो वहां बैक्टीरिया जल्दी पनप सकते हैं।
इससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए साफ-सफाई जरूर रखें, लेकिन ओवर-क्लीनिंग से बचें।
पीरियड्स के समय वैक्सिंग या शेविंग बिल्कुल ना करें
वेजाइनल एरिया शरीर का सबसे सेंसिटिव हिस्सा होता है, और पीरियड्स के दिनों में यह और भी संवेदनशील हो जाता है। ऐसे में वैक्सिंग या शेविंग करने से स्किन को नुकसान पहुंच सकता है।
वहां के बाल स्किन को जर्म्स और इंफेक्शन से बचाने का काम करते हैं। इन्हें हटाने से इंफेक्शन या जलन का खतरा बढ़ जाता है।
कैफीन और शराब का सेवन करें कम या बंद
चाय-कॉफी या अल्कोहल जैसी चीज़ें शरीर को डिहाइड्रेट कर देती हैं। खासकर पीरियड्स के दौरान कैफीन या शराब का सेवन दर्द और क्रैंप्स को बढ़ा सकता है।
अगर आप इन दिनों अधिक कॉफी या ड्रिंक्स लेती हैं, तो इसे कुछ दिन रोक दें। इसके बजाय हर्बल टी या पानी ज्यादा मात्रा में पिएं।
स्ट्रेस से बनाएं दूरी
तनाव यानी स्ट्रेस भी पीरियड्स की परेशानियों को बढ़ा सकता है। ज्यादा टेंशन लेने से हार्मोनल बैलेंस बिगड़ जाता है, जिससे पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं और दर्द भी बढ़ सकता है।
अपने तनाव को कम करने के लिए मेडिटेशन, योग या हल्का म्यूजिक सुनना बेहद फायदेमंद होता है।
डाइटिंग भूल जाएं, हेल्दी डाइट लें
अगर आप फिटनेस के लिए डाइटिंग करती हैं, तो पीरियड्स के दौरान इस आदत को रोक दें। इन दिनों शरीर को एनर्जी और पोषक तत्वों की ज्यादा जरूरत होती है।
कम खाना या मील्स स्किप करना कमजोरी और हार्मोनल इंबैलेंस बढ़ा सकता है। इसके बजाय दिन में 4–5 बार हल्का और पौष्टिक खाना खाएं। नमक, चीनी और तला-भुना खाना कम लें।
पीरियड्स महिलाओं के जीवन का प्राकृतिक हिस्सा हैं, लेकिन थोड़ी सी सावधानी रखकर इन्हें कम दर्दनाक और आरामदायक बनाया जा सकता है।
साफ-सफाई रखें, हेल्दी खाएं, स्ट्रेस फ्री रहें और शरीर की जरूरत को समझें — यही इन दिनों को आसान बनाने की कुंजी है।









