Navratri Vrat Falahari Namkeen : नवरात्रि का पावन पर्व अब बस शुरू होने वाला है। इस बार शारदीय नवरात्र 22 सितंबर से आरंभ हो रहे हैं।
नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की आराधना की जाती है और भक्त उपवास रखकर माता रानी को प्रसन्न करते हैं।
उपवास के दौरान फलाहार का सेवन किया जाता है जिसमें फल, मखाना, आलू, साबूदाना और सेंधा नमक से बने सात्विक व्यंजन खाए जाते हैं।
दिनभर एनर्जी बनाए रखने के लिए अगर आप पहले से ही व्रत के लिए फलाहारी नमकीन तैयार कर लें तो यह आपके लिए बहुत उपयोगी रहेगा।
यह नमकीन न केवल खाने में टेस्टी है बल्कि लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है। चलिए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
फलाहारी नमकीन बनाने के लिए सामग्री
- साबूदाना – 1 कप
- आलू – 2 (बड़े आकार के)
- मूंगफली – ½ कप
- काजू – 10–12
- किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
- हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
- सेंधा नमक – स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
- चीनी – 2 चम्मच
- तेल – तलने के लिए
- घी – 2 चम्मच
- करी पत्ता – 6–7 पत्ते
बनाने की विधि
सबसे पहले साबूदाना धोकर पानी अलग कर लें और प्लेट पर फैला दें ताकि अच्छी तरह सूख जाए।
आलू छीलकर धोएं और कद्दूकस कर लें। इन लच्छों को सूती कपड़े या किचन टॉवल में लपेटकर अतिरिक्त पानी सुखा लें।
एक कढ़ाही में तेल गरम करें और आलू के लच्छों को कुरकुरा होने तक तल लें। फिर साबूदाना डालकर क्रिस्पी कर लें।
अब काजू, किशमिश, मूंगफली, करी पत्ता और हरी मिर्च को भी हल्का फ्राई कर लें। घी डालकर मखानों को भून लें।
सभी तली हुई सामग्री को एक बड़े बाउल में मिलाएं। इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च और दरदरी पिसी चीनी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
आपका खट्टा-मीठा कुरकुरा फलाहारी नमकीन तैयार है।
इसे ठंडा होने पर एयर-टाइट कंटेनर में स्टोर करें और नवरात्रि व्रत के दौरान जब चाहें तब इसका आनंद लें।







