अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक वायरल ऑडियो-वीडियो मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देहरादून और हरिद्वार में इन दोनों के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इन मामलों की गहराई से जांच कर रही है।
हरिद्वार के बहादराबाद थाने में डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने तहरीर दी है, जो गौतम शिरोमणि गुरु रविदास शिव महापीठ से जुड़े हैं। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर कुछ ऐसे वीडियो फैलाए जा रहे हैं, जिनका मकसद भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम की छवि खराब करना है।
तहरीर में कहा गया है कि अंकिता कांड की आड़ लेकर न सिर्फ उनकी राजनीतिक प्रतिष्ठा पर हमला किया गया, बल्कि रविदासी समाज की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई गई है। दुष्यंत गौतम महापीठ के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, इसलिए इस कृत्य से समाज में भारी रोष है।
दूसरी तरफ, देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने मोर्चा खोला है। उन्होंने भी पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर पर ऑडियो-वीडियो के जरिए छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों जिलों में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वायरल सामग्री की जांच शुरू कर दी गई है।









