---Advertisement---

बिना वेरिफिकेशन किराएदार रखने वाले मकान मालिकों की खैर नहीं, देहरादून पुलिस ने ठोंका भारी जुर्माना

---Advertisement---

देहरादून, 04 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद उत्तराखंड में अपराधियों और हुड़दंगियों के खिलाफ शुरू हुआ ‘ऑपरेशन प्रहार’ अब धरातल पर प्रचंड रूप ले चुका है। राजधानी देहरादून के थाना बसंत विहार क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने न केवल फ्लैग मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों को सलाखों के पीछे भी भेजा।

एसएसपी देहरादून के सख्त रुख के बाद क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस की टीम बसंत विहार की सड़कों पर उतरी। कांवली गांव, सत्तोवाला घाटी और गोविंदगढ़ जैसे संवेदनशील इलाकों में पुलिस के बूटों की धमक ने संदिग्धों और असामाजिक तत्वों के बीच दहशत पैदा कर दी। पुलिस ने इस दौरान गलियों में घूम रहे संदिग्धों को रोककर कड़ी पूछताछ की और मौके से 5 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

इसी फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि साधु राम इंटर कॉलेज के प्रशासनिक भवन के पीछे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए स्कूल परिसर में घेराबंदी की और रंगे हाथों जुआ खेलते हुए तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार (21), टिंकू गुप्ता (27) और अरुण कुमार (24) के रूप में हुई है। इनके पास से ताश के 52 पत्ते और 1300 रुपये की फड़ नकदी बरामद की गई है।

पुलिस की यह कार्रवाई केवल अपराधियों तक सीमित नहीं रही। इलाके के उन मकान मालिकों पर भी गाज गिरी है जिन्होंने अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन (वेरिफिकेशन) नहीं कराया था। 83 पुलिस एक्ट के तहत दो मकान मालिकों का चालान कर उन पर 20 हजार रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, सड़कों पर संदिग्ध रूप से घूम रहे 5 व्यक्तियों पर 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई कर ढाई हजार का दंड वसूला गया।

यातायात नियमों को ताक पर रखने वाले चालकों के खिलाफ भी अभियान ने रफ्तार पकड़ी। पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत 8 वाहनों पर कार्रवाई की, जिसमें से एक वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह चेकिंग अभियान आने वाले दिनों में और अधिक आक्रामक होगा ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment