Operation Mahadev : जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत दाछीगाम फॉरेस्ट में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में तीन खूंखार आतंकियों को मार गिराया गया।
खबर है कि ये आतंकी TRF (The Resistance Front) से जुड़े थे और इस इलाके में अपनी नापाक साजिशों को अंजाम दे रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, इन आतंकियों का ताल्लुक हाल ही में हुए पहलगाम हमले से भी था।
आतंकियों की मौजूदगी का मिला था ठोस इनपुट
जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की जॉइंट टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि श्रीनगर और त्राल को जोड़ने वाले दाछीगाम के ऊपरी जंगलों में तीन आतंकी छिपे हुए हैं। इस पक्की सूचना के आधार पर सोमवार तड़के सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ जंगल में कदम रखा और आतंकियों की तलाश शुरू की।
TRF का खतरनाक नेटवर्क, दाछीगाम बना था अड्डा
सुरक्षा एजेंसियों को लंबे समय से शक था कि दाछीगाम नेशनल पार्क और आसपास का इलाका TRF जैसे आतंकी संगठनों का सुरक्षित ठिकाना बन चुका है। हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी भी TRF से जोड़ी जा रही है।
दाछीगाम का घना और दुर्गम जंगल आतंकियों के लिए छिपने और अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए मुफीद जगह है। गौरतलब है कि जनवरी 2025 में भी सुरक्षा बलों ने इस इलाके में एक आतंकी ठिकाने को नेस्तनाबूद किया था।
पूरे इलाके पर कड़ा पहरा, सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है। सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। मौके पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं।
स्थानीय लोगों को इलाके से दूर रहने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है और बाकी संदिग्ध आतंकियों की तलाश जारी है। जवानों ने जंगल में कुछ संदिग्ध जगहों को चिन्हित किया है, जहां अवैध बंकर और हथियारों का जखीरा छिपा हो सकता है।
सेना की मुस्तैदी ने टाला बड़ा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय रहते यह कार्रवाई नहीं हुई होती, तो ये आतंकी किसी बड़े हमले को अंजाम दे सकते थे। सुरक्षा बलों ने न सिर्फ तीन आतंकियों को ढेर किया, बल्कि TRF के नेटवर्क को भी करारा झटका दिया है। इस ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हमारे जवान किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।








