Power Distribution : भारत की बिजली वितरण व्यवस्था (Power Distribution System) में जल्द ही बड़ा बदलाव होने वाला है। केंद्र सरकार ने एक नया प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत देशभर में बिजली के खुदरा बाजार को निजी कंपनियों के लिए खोल दिया जाएगा। केंद्रीय बिजली मंत्रालय ने एक ड्राफ्ट बिल तैयार किया है, जिसमें कहा गया है कि इस कदम से राज्य सरकारों की बिजली वितरण कंपनियों (Discoms) का एकाधिकार खत्म होगा। अब निजी कंपनियां भी सीधे उपभोक्ताओं को बिजली बेच सकेंगी। इससे बिजली वितरण में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को सस्ती और बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
बिजली वितरण में अब तक का हाल
फिलहाल, भारत के ज्यादातर राज्यों में बिजली वितरण (Power Distribution) का जिम्मा सरकारी कंपनियों के पास है। केवल कुछ ही राज्यों जैसे दिल्ली-एनसीआर, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात में निजीकरण हुआ है। लेकिन सरकारी बिजली वितरण कंपनियां (Discoms) लंबे समय से भारी घाटे में चल रही हैं। केंद्रीय बिजली मंत्रालय का कहना है कि निजी कंपनियों को इस क्षेत्र में लाने से बिजली वितरण व्यवस्था (Power Distribution System) में सुधार होगा, सेवाएं बेहतर होंगी और राज्यों पर वित्तीय बोझ कम होगा।
बिजली की किल्लत होगी दूर
इस ड्राफ्ट बिल के लागू होने के बाद अदाणी एंटरप्राइजेज, टाटा पावर, टॉरेंट पावर और सीईएससी जैसी बड़ी निजी कंपनियां पूरे देश में बिजली वितरण (Power Distribution) के क्षेत्र में कदम रख सकेंगी। इसका सबसे बड़ा फायदा उपभोक्ताओं को होगा। अब आपको अपने इलाके में कई बिजली प्रदाताओं में से अपनी पसंद की कंपनी चुनने का मौका मिलेगा। बेहतर सेवा और सस्ती दरों का विकल्प आपके सामने होगा।
सरकार की कोशिशें और चुनौतियां
केंद्र सरकार लंबे समय से बिजली वितरण कंपनियों (Discoms) के घाटे को कम करने और पुराने ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। इस साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य ने भी अपनी चार में से दो बिजली वितरण कंपनियों (Discoms) को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया शुरू की थी। सरकार का मानना है कि निजीकरण से न केवल सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि बिजली क्षेत्र में निवेश भी बढ़ेगा।
56,000 करोड़ का बकाया
ऊर्जा अर्थशास्त्र संस्थान (Institute for Energy Economics and Financial Analysis) की सितंबर 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2025 तक सरकारी बिजली वितरण कंपनियों (Discoms) पर बिजली उत्पादक कंपनियों का करीब 6.78 अरब डॉलर (लगभग ₹56,000 करोड़) बकाया है। इस बकाये की वजह से बिजली उत्पादक कंपनियों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पूरे पावर सेक्टर (Power Sector) में नकदी की भारी कमी देखने को मिल रही है।
अपनी पसंद की बिजली कंपनी चुनें
ड्राफ्ट बिल का एक और बड़ा बदलाव यह है कि अब एक ही इलाके में कई निजी कंपनियां बिजली वितरण (Power Distribution) का काम कर सकेंगी। मौजूदा बिजली कानून (Electricity Act) में ऐसा संभव नहीं था। सरकार का मानना है कि इस सुधार से उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल बिजली की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि बिजली वितरण व्यवस्था (Power Distribution System) में भी पारदर्शिता आएगी।









