Robert Vadra ED Chargesheet : कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी के जीजा और प्रियंका गांधी के पति, मशहूर बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें फिर से बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर उन पर शिकंजा कस दिया है।
ED ने ब्रिटेन में रह रहे हथियार कारोबारी संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट यानी चार्जशीट फाइल कर दी है। इस केस में ED ने 56 साल के वाड्रा को नौवां आरोपी बना दिया है। ये जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी है। अब राउज एवेन्यू कोर्ट इस मामले की सुनवाई 6 दिसंबर को करेगी।
ED ने दाखिल की दूसरी चार्जशीट
अधिकारियों ने बताया कि ये अभियोजन शिकायत विशेष PMLA कोर्ट में दाखिल की गई है। रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का ये दूसरा आरोप पत्र है। इससे पहले जुलाई में ED ने हरियाणा के शिकोहपुर में एक जमीन सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। संजय भंडारी वाले इस केस में ED ने वाड्रा से पहले भी पूछताछ की हुई है।
संजय भंडारी कौन है और क्यों भागा लंदन?
संजय भंडारी का ब्रिटेन की कोर्ट ने प्रत्यर्पण खारिज कर दिया था। जुलाई में दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया। 63 साल का भंडारी 2016 में दिल्ली में आयकर विभाग की छापेमारी के बाद लंदन भाग गया था। ED ने फरवरी 2017 में भंडारी और दूसरों के खिलाफ PMLA के तहत केस दर्ज किया।
ये कार्रवाई आयकर विभाग की उस चार्जशीट के आधार पर हुई, जो 2015 के कालाधन कानून के तहत उसके खिलाफ दाखिल की गई थी।
एजेंसी ने भंडारी के केस में अब तक दो चार्जशीट दाखिल की हैं। साथ ही, लंदन में एक घर के मामले में भंडारी और वाड्रा के रिश्तों की जांच भी चल रही है। वाड्रा ने हमेशा इनकार किया है कि लंदन में उनका कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संपत्ति है।









