देहरादून। राजधानी के पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शोएब के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का निवासी है।
घटना 25 मार्च 2026 की है, जब पीड़िता की मां ने कोतवाली पटेलनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपी शोएब उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। वहां उसने पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ पिलाया और बेहोशी की हालत का फायदा उठाते हुए उसके साथ छेड़छाड़ और गलत काम करने का प्रयास किया।
मौके पर कुछ लोगों की आहट सुनते ही आरोपी घबरा गया और किशोरी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मु0अ0सं0-209/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 137(2), 351(2), 61(2), 64 और 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों पर आरोपी की तलाश के लिए जाल बिछाया गया।
महिला उपनिरीक्षक तनुजा शर्मा के नेतृत्व वाली टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। आखिरकार पुलिस ने 26 मार्च को आरोपी शोएब (18 वर्ष) पुत्र आलिम को पटेलनगर क्षेत्र से ही दबोच लिया। आरोपी वर्तमान में बुढढी, नयागांव स्थित ताहिर हसन के मकान में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता पठानपुरा गदेवडा, थाना बेहट, सहारनपुर है।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में म0उ0नि0 तनुजा शर्मा के साथ कांस्टेबल अनिल सालार और चमनलाल शामिल रहे।









