---Advertisement---

पिछली रात जेन जी क्लब से शुरू हुआ था विवाद, जिसने अगली सुबह ले ली रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जान

---Advertisement---

देहरादून। राजधानी के पॉश इलाके राजपुर में सोमवार सुबह हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। जिसे शुरुआती जांच में ‘रोड रेज’ का मामला माना जा रहा था, वह दरअसल एक गहरी रंजिश और वर्चस्व की जंग निकली। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए बार संचालक और कर्मचारियों समेत चार लोगों को दबोच लिया है।

बिल का विवाद और रंजिश की शुरुआत

पूरी घटना की जड़ कुठालगेट स्थित ‘ZEN-Z’ बार में छिपी थी। 29 मार्च की रात शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी और कविश त्यागी अपने साथियों के साथ इस बार में पार्टी करने पहुंचे थे। बिल के भुगतान के दौरान कम पैसे देने को लेकर बार कर्मी मोहित अग्रवाल से इनका तीखा विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ा कि बार कर्मियों ने युवकों की स्कॉर्पियो-N का पिछला शीशा तोड़ दिया। उस वक्त तो आरोपी ‘देख लेने’ की धमकी देकर चले गए, लेकिन उनके मन में बदले की आग सुलग रही थी।

सड़क पर फिल्मी स्टाइल में पीछा और फायरिंग

अगली सुबह करीब 6:50 बजे जब बार कर्मी रोहित और अखलाक अपने मालिक संदीप की फॉर्च्यूनर लेकर बार की ओर जा रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। मालसी के पास से शुरू हुआ यह पीछा जोहड़ी गांव तक खूनी खेल में बदल गया। दोनों गुटों के बीच चलती गाड़ियों से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इसी बीच, जोहड़ी गांव निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग मुकेश कुमार जोशी, जो अपनी रोजमर्रा की मॉर्निंग वॉक पर थे, एक गोली का शिकार हो गए। मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस को गुमराह करने की नाकाम कोशिश

हादसे के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने बार कर्मियों को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। पुलिस की गिरफ्त में आए रोहित और अखलाक ने पहले इसे पास न देने का विवाद यानी ‘रोड रेज’ बताया। हालांकि, सख्ती से पूछताछ में उन्होंने कबूला कि रंजिश पुरानी थी। आरोपियों ने झाड़ियों में दो 315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस फेंक दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।

प्रशासन का कड़ा एक्शन 

एसएसपी देहरादून ने इस जघन्य अपराध के बाद कड़ा रुख अपनाया है। घटना में इस्तेमाल हथियार बार मालिक संदीप कुमार ने ही मुहैया कराए थे, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही विवाद की जड़ रहे ‘ZEN-Z’ बार को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया है। पुलिस ने जिलाधिकारी को बार का लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त करने की रिपोर्ट भी भेज दी है।

आरोपियों की प्रोफाइल और फरार हमलावर

पुलिस ने अब तक रोहित कुमार (20), मो. अखलाक (23), बार मालिक संदीप कुमार (43) और हमलावर पक्ष के आदित्य चौधरी (20) को गिरफ्तार किया है। हालांकि, फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी और वैभव अब भी फरार हैं। इनकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही हैं।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment