देहरादून, 4 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड सरकार द्वारा नवनियुक्त दायित्व धारियों की घोषणा के बाद राजधानी के व्यापारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। दून वेली महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने इन नियुक्तियों को सरकार का सराहनीय कदम बताते हुए जोरदार स्वागत किया है।
अध्यक्ष पंकज मैसोन के नेतृत्व में व्यापार मंडल के तमाम पदाधिकारियों ने नई जिम्मेदारियां संभालने वाले नेताओं को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक अशोक वर्मा को उत्तराखंड पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किए जाने से व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इन नियुक्तियों पर मुहर लगाए जाने के बाद व्यापारियों ने सार्वजनिक रूप से आतिशबाजी की। अशोक वर्मा के साथ ही सरदार बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग में उपाध्यक्ष और कुलदीप बुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद में उपाध्यक्ष पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सभी को राज्य मंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त होने पर व्यापारिक समुदाय ने इसे संगठन की मजबूती से जोड़कर देखा।
इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और इसे कार्यकर्ताओं के सम्मान की जीत बताया। पंकज मैसोन ने कहा कि अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश के विकास और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।
जश्न के इस माहौल में मुख्य संरक्षक सुशील अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेखर फुलारा, और उपाध्यक्ष हरीश विरमानी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संगठन के महामंत्री पंकज डीढ़ान और उपाध्यक्ष जसपाल छाबड़ा ने इसे सरकार का दूरदर्शी निर्णय करार दिया।
कार्यक्रम में संयोजक सुमित कोहली, युवा अध्यक्ष मनन आनंद और युवा कार्यकारी अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने भी शिरकत की। इसके अलावा युवा महामंत्री दिव्य सेठी, सह-संयोजक जसपाल खंडूजा और युवा मीडिया प्रभारी उदित पांडे सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।









