TVS Motors : TVS मोटर कंपनी ने सितंबर 2025 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कुल 5,41,064 यूनिट्स की बिक्री की है। यह पिछले साल सितंबर 2024 (4,82,495 यूनिट्स) की तुलना में 12.14% की बढ़ोतरी है। अगस्त 2025 के मुकाबले (5,09,536 यूनिट्स) कंपनी की बिक्री में 6.19% की मासिक वृद्धि भी दर्ज की गई है। आइए जरा विस्तार से TVS की बिक्री रिपोर्ट पर नजर डालते हैं।
टू-व्हीलर सेगमेंट में दमदार ग्रोथ
सितंबर 2025 में टू-व्हीलर सेगमेंट में कुल 5,23,923 यूनिट्स बिकीं, जो साल-दर-साल आधार पर 11.05% की वृद्धि है। इसमें मोटरसाइकिल की बिक्री 2,49,621 यूनिट्स (+8.88% YoY) रही। वहीं, स्कूटर की बिक्री 2,18,928 यूनिट्स (+17.23% YoY) रही। इसके अलावा ई-स्कूटर की बिक्री 31,266 यूनिट (+8.18% YoY) रही। मोपेड की बिक्री 55,374 यूनिट (हल्की गिरावट -0.72% YoY) रही।
महीना-दर-महीना तुलना करें तो मोटरसाइकिल की बिक्री में 12.51% उछाल आया। कंपनी के ई-स्कूटर में 24.38% बढ़त और मोपेड की बिक्री में 18.77% ग्रोथ रही। हालांकि, स्कूटर सेल्स 1.52% कम हुई और टू-व्हीलर एक्सपोर्ट 9.25% घटकर 1,10,644 यूनिट्स पर आ गया। TVS की टू-व्हीलर रेंज ने इस महीने बाजार में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई, खासकर मोटरसाइकिल और स्कूटर सेगमेंट में।
थ्री-व्हीलर सेगमेंट की चमक
सितंबर 2025 में थ्री-व्हीलर की कुल बिक्री रही 17,141 यूनिट्स, जो कि पिछले साल के मुकाबले 60.15% ज्यादा है। इसकी डोमेस्टिक 3W सेल्स 5,677 यूनिट्स (+141.57% YoY) रहीं। वहीं, एक्सपोर्ट की बात करें तो इस सेगमेंट में कंपनी की 11,464 यूनिट्स (+37.24% YoY) एक्सपोर्ट हुईं। हालांकि, अगस्त 2025 की तुलना में थ्री-व्हीलर वाहनों की बिक्री में 8.57% की गिरावट दर्ज की गई। TVS की थ्री-व्हीलर लाइनअप ने विदेशी बाजारों में खूब धूम मचाई, जो कंपनी की ग्लोबल पहुंच को दर्शाता है।
Q2 FY26 – अब तक की सबसे शानदार तिमाही
जुलाई से सितंबर 2025 (Q2 FY26) में TVS ने कुल 15,06,950 यूनिट्स बेचीं। यह पिछले साल Q2 FY25 (12,28,223 यूनिट्स) की तुलना में 22.69% ज्यादा है और कंपनी के इतिहास की सबसे ज्यादा तिमाही बिक्री है।
Q2 FY26 में टू-व्हीलर की सेल्स 14,53,501 यूनिट (+22.11% YoY) रही। इसमें मोटरसाइकिल की सेल 6,72,985 यूनिट (+20%) रही। स्कूटर की बिक्री 6,39,489 यूनिट (+30.41%) रही। इसके अलावा ई-स्कूटर की बिक्री 80,009 यूनिट (+6.51%) रही। मोपेड की बिक्री 1,41,027 यूनिट्स (+1.38%) रही।
इसके अलावा थ्री-व्हीलर सेल्स 53,449 यूनिट्स (+40.97% YoY) की रही। TVS की इस तिमाही ने टू-व्हीलर सेगमेंट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, जहां मोटरसाइकिल और स्कूटर ने लीडरशिप कायम रखी।









