पूर्व विधायक सुरेश राठौर को अपना पति बताने वाली उर्मिला सनावर पर देहरादून पुलिस का शिकंजा कस गया है। अंकिता भंडारी हत्याकांड की आड़ में ब्लैकमेलिंग और अश्लीलता परोसने के गंभीर आरोपों की पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी अजय सिंह ने जांच अधिकारी को उर्मिला के पुराने सोशल मीडिया वीडियो और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की बारीकी से पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। आरोपों के मुताबिक, उर्मिला सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों को भड़काने के साथ-साथ एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का आपराधिक इस्तेमाल कर रही हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस अब सहारनपुर पुलिस से भी संपर्क साध रही है, जहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने उर्मिला पर पहले से ही एक मुकदमा दर्ज कराया हुआ है।
आरती गौड़ ने बुधवार को नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज नई शिकायत में उर्मिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुराने मुकदमे की रंजिश में उर्मिला उनके खिलाफ अनाप-शनाप वीडियो बना रही हैं।
आरती ने पुलिस को बताया कि उन्हें एआई के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी जा रही है और आत्महत्या के लिए उकसाया जा रहा है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस वैज्ञानिक जांच का सहारा लेगी। वायरल ऑडियो और वीडियो को जांच के लिए एफएसएल लैब भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि वायरल कंटेंट की फॉरेंसिक जांच और सभी पक्षों से पूछताछ के बाद जल्द ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









