Uttarakhand News : उत्तराखंड के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ चल रहे दुष्प्रचार और फेक पोस्ट्स से बेहद नाराज हैं। उन्होंने देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को एक शिकायती पत्र लिखा है, जिसमें अपनी छवि को धूमिल करने की साजिश रचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत मिलते ही एसएसपी ने फर्जी आईडी की जांच साइबर सेल को सौंप दी। अब साइबर टीम की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
शिकायती पत्र में DG की गुहार
पत्र में डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने साफ कहा है कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर बिना किसी सबूत के झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे उनकी सामाजिक इज्जत को चोट पहुंच रही है। उन्होंने पुलिस से दोषियों की तलाश कर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।
साइबर सेल ने संभाला मोर्चा
जानकारी के मुताबिक, डीजी तिवारी ने संबंधित फेक पोस्ट्स और आईडी के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंप दिए हैं। एसएसपी अजय सिंह ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला साइबर सेल को भेज दिया गया है। वहां फर्जी आईडी और पोस्ट्स के पीछे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
आईटी एक्ट के तहत सजा की तैयारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये पोस्ट्स सोशल मीडिया पर सुनियोजित तरीके से फैलाई गई थीं। साइबर सेल अब आईटी एक्ट और अन्य कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की प्लानिंग कर रही है। ये मामला न सिर्फ डीजी की पर्सनल इमेज का है, बल्कि पूरे राज्य की सूचना व्यवस्था की साख से जुड़ा हुआ है।
“डीजी सूचना की तरफ से शिकायत मिली हुई है। उन्होंने कई स्क्रीनशॉट भी भेजे हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि यह एक साजिश के तहत किया जा रहा है। कुछ लोग सोशल मीडिया में फेक आईडी बनाकर उनके विभाग और उनकी व्यक्तिगत छवि को बदनाम कर रहे हैं।
इस प्रार्थना पत्र को साइबर सेल में जांच के लिए भेजा गया है। साइबर सेल की रिपोर्ट आने के बाद इस पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।” – अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून









