Winter Headache Remedy : सर्दी का मौसम जहां चाय, कंबल और गर्म सूप का मज़ा लेकर आता है, वहीं बहुत से लोगों के लिए यह सिर दर्द की समस्या भी लेकर आता है।
गिरते तापमान और ठंडी हवाओं के कारण शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं, जिनमें से एक आम परेशानी है ठंड में सिर दर्द। अगर आपको भी ठंड लगते ही सिर में तेज़ दर्द महसूस होता है, तो यह जानना ज़रूरी है कि इसके पीछे के कारण क्या हैं और इससे बचाव के सरल घरेलू उपाय कौन से हैं।
ठंड में सिर दर्द क्यों होता है?
सर्दी में सिर दर्द बढ़ने के पीछे कई कारण छिपे होते हैं —
तापमान में गिरावट: जब ठंड बढ़ती है, तो शरीर का खून गाढ़ा हो जाता है। इससे सिर तक रक्त प्रवाह कम हो जाता है और सिर दर्द शुरू हो जाता है।
डिहाइड्रेशन: ठंड के मौसम में हमें प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को उतना ही पानी चाहिए जितना गर्मियों में। पानी की कमी से भी सिर दर्द बढ़ सकता है।
साइनस और बंद कमरे: ठंडी हवा, बंद कमरे, और हीटर की वजह से वेंटिलेशन की कमी भी सिर दर्द को बढ़ा देती है।
तनाव और प्रदूषण: ठंड के दिनों में धूप की कमी और काम का तनाव मानसिक दबाव को बढ़ाता है, जिससे सिर दर्द आम बात हो जाती है।
अंतरराष्ट्रीय योग गुरु डॉ. सुनील सिंह के अनुसार, सर्दी में नियमित योग और प्राणायाम करने से इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।
योग और प्राणायाम से मिलेगी राहत
सूर्य नमस्कार: शरीर में गर्मी बढ़ाता है और रक्त संचार को दुरुस्त करता है।
कपालभाति और अनुलोम-विलोम: फेफड़ों को मजबूत करते हैं और सिर दर्द से राहत देते हैं।
सूर्य भेदी प्राणायाम: शरीर को अंदर से गर्म रखता है।
रात में सोने से पहले ‘ॐ’ का उच्चारण या गहरी सांस लेने के अभ्यास से मानसिक शांति मिलती है और सिर दर्द कम होता है।
घरेलू नुस्खे जो देंगे तुरंत राहत
हर्बल काढ़ा
एक कप पानी में चुटकीभर सोंठ, हल्दी, दालचीनी और काली मिर्च डालकर उबालें। जब आधा रह जाए तो इसमें थोड़ा शहद और नींबू डालकर खाली पेट पिएं। यह सिर दर्द के साथ सर्दी-जुकाम से भी बचाता है।
अजवाइन की भाप
डेढ़ गिलास पानी में एक चम्मच अजवाइन और सेंधा नमक डालकर उबालें और उसकी भाप लें। इससे साइनस साफ होगा और सिर दर्द में आराम मिलेगा।
नाक में घी डालना
रात में सोने से पहले दो बूंद देसी गाय का घी नाक में डालना सर्दी और सिर दर्द दोनों से राहत देता है।
पानी की कमी न होने दें
सर्दियों में प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर में पानी की कमी सिर दर्द का सबसे बड़ा कारण बन सकती है। इसलिए दिनभर में 10–12 गिलास पानी ज़रूर पिएं। सुबह और रात में गुनगुना पानी पीना सबसे अच्छा होता है — यह रक्त को पतला रखता है और दर्द से बचाता है।
सर्दियों में सूप से बढ़ाएं शरीर की गर्मी
गर्म सूप ठंड में आराम देता है, लेकिन पैकेट वाले सूप से परहेज़ करें क्योंकि उनमें एमएसजी (MSG) जैसे केमिकल होते हैं जो सिर दर्द को बढ़ा सकते हैं।
कोशिश करें कि घर पर ही ताजी सब्जियों से सूप बनाएं। गाजर, मटर, टमाटर और पालक का सूप न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि शरीर को पोषण और गर्मी दोनों देता है।
विटामिन D की कमी से भी होता है सिर दर्द
सर्दियों में धूप न मिलने के कारण शरीर में विटामिन D की कमी हो जाती है, जिससे सिर दर्द, थकान और मूड स्विंग जैसी समस्याएं होती हैं।
इसलिए जब भी मौका मिले, सुबह की धूप जरूर लें।
खानपान में अंडा, मछली, दूध, दही, पनीर, मशरूम और संतरे जैसे फूड शामिल करें।
कमरे का तापमान और हवा का ध्यान रखें
हीटर चलाते समय कमरे में ह्यूमिडिफायर रखें ताकि हवा में नमी बनी रहे। कमरे में उचित वेंटीलेशन रखें ताकि कार्बन मोनोऑक्साइड जमा न हो।
समय-समय पर खिड़कियां खोलें और ताज़ी हवा आने दें।
सिर की मालिश से पाएं सुकून
अगर सिर दर्द पहले से हो रहा है तो गुनगुने नारियल या सरसों के तेल से हल्के हाथों से मालिश करें। इससे रक्त प्रवाह सुधरता है और तनाव कम होता है। मालिश के बाद कुछ देर के लिए सिर को ढक लें ताकि गर्माहट बनी रहे।
सर्दियों का मौसम खुशनुमा हो सकता है, अगर हम थोड़ी सावधानी बरतें। योग, प्राणायाम, पर्याप्त पानी, धूप, और घरेलू उपायों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें, तो ठंड में सिर दर्द जैसी समस्या से आसानी से निजात पाई जा सकती है।









