---Advertisement---

उत्तराखंड में 10 IAS-PCS अधिकारियों के हुए तबादले, नैनीताल और अल्मोड़ा को मिले नए DM

उत्तराखंड में पांच IAS और पांच PCS अधिकारियों की तैनाती बदली गई। अंशुल सिंह नैनीताल और दीप्ति सिंह अल्मोड़ा की DM बनीं, जबकि ललित मोहन रयाल सचिवालय पहुंचे।

देहरादून, 27 नवंबर : उत्तराखंड में शासन ने प्रशासनिक स्तर पर एक और फेरबदल करते हुए पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी बदल दी गई है। नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल को शासन में भेजा गया है, जबकि अल्मोड़ा के डीएम अंशुल सिंह को नैनीताल की कमान सौंपी गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह अब अल्मोड़ा की नई जिलाधिकारी होंगी।

शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 27 नवंबर 2026 को जारी आदेश में अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। इस सूची में आईएएस और पीसीएस दोनों संवर्गों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। जिलों के प्रशासनिक नेतृत्व के साथ सचिवालय और खेल विभाग की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

ललित मोहन रयाल सचिवालय पहुंचे, अंशुल सिंह को मिली नैनीताल की कमान

जारी शासनादेश के अनुसार, वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी ललित मोहन रयाल को जिलाधिकारी नैनीताल के पद से हटाकर अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग और अपर सचिव मुख्यमंत्री, उत्तराखंड शासन की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी था।

वहीं, वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी अंशुल सिंह, जो अब तक जिलाधिकारी अल्मोड़ा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें जिलाधिकारी नैनीताल बनाया गया है।

अल्मोड़ा में भी जिलाधिकारी का चेहरा बदल गया है। वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह को जिलाधिकारी अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण उत्तराखंड के पद पर तैनात थीं।

नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी भी बदली गई है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह अपने वर्तमान पद पर भी बने रहेंगे।

इसी क्रम में आईएएस अधिकारी निधि यादव को कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के अपर सचिव पद से अवमुक्त करते हुए अपर सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।

देहरादून और हरिद्वार में भी बदले PCS अधिकारियों के पदभार

शासन के इस फेरबदल में देहरादून और हरिद्वार के प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं।

पीसीएस अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद से हटाकर अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। वहीं, हरिद्वार में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात वैभव गुप्ता को अब अपर जिलाधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।

हरिद्वार कुंभ मेले में अपर मेलाधिकारी के पद पर तैनात पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस तरह हरिद्वार में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment