देहरादून में भाजपा ने धामी सरकार का पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। भट्ट ने 10 साल की उपलब्धियों के साथ 2027 चुनाव में जनता के बीच जाने की बात कही।
देहरादून, 26 नवंबर : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा पांच साल के रिपोर्ट कार्ड और 10 साल की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाकर जनादेश मांगेगी।
आईएसबीटी के समीप एक निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने विकास, सुशासन, सांस्कृतिक विरासत, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जुड़े कार्यों का ब्योरा पेश किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने उत्तराखंड को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार का संकल्प विकास के साथ विरासत का संरक्षण, रोजगार के साथ स्वरोजगार और गरीब कल्याण के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना रहा है।
रिपोर्ट कार्ड में मुख्यमंत्री ने सरकार के पहले और दूसरे कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाई गई। पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये और महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ रुपये के राहत पैकेज स्वीकृत किए गए थे। कोविड वॉरियर्स को प्रोत्साहन और सम्मान राशि भी दी गई। कोरोना से प्रभावित परिवारों के निराश्रित बच्चों को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देने का प्रयास किया गया।
किसानों से महिलाओं तक इन योजनाओं को गिनाया
मुख्यमंत्री ने कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में स्टेट मिलेट्स पॉलिसी, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और उत्तराखंड महक क्रांति नीति को प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। कीवी उत्पादन में 70 प्रतिशत और ड्रैगन फ्रूट की खेती में 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। महक क्रांति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती और सात अरोमा वैली विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
पशुपालन, बकरीपालन और भेड़पालन के जरिए 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने की बात भी कही गई। बद्री गाय के घी को जीआई टैग मिलना स्थानीय उत्पादों की पहचान के लिहाज से उपलब्धि बताया गया।
महिला सशक्तिकरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का कानूनी अधिकार दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंचने और लगभग 5,500 महिलाओं के इससे सीधे आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने का दावा किया गया।
नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता देने की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया।
युवाओं के रोजगार पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया। उपनल कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ देने की बात भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल है।
वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार मिलने का दावा किया गया। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या लगभग 700 से बढ़कर 1,700 से अधिक हो गई है।
शिक्षा और स्वास्थ्य में इन आंकड़ों को सामने रखा
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला उत्तराखंड को देश का पहला राज्य बताया। पीएम श्री योजना के अंतर्गत 225 विद्यालयों का चयन किया गया है, जबकि 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का आंकड़ा रखा गया। इसके माध्यम से 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की बात कही गई। राज्य में छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। एम्स ऋषिकेश से देश की पहली हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवा के संचालन को भी प्रमुख उपलब्धि बताया गया।
कानून व्यवस्था और सुशासन के मामले में मुख्यमंत्री ने 27 जनवरी 2025 को लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख किया। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना था। इसके अलावा नकल विरोधी कानून, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली कानून को भी सरकार के प्रमुख फैसलों में गिनाया गया।
सरकार ने सख्त भू-कानून के जरिए पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि और बागवानी भूमि के संरक्षण की दिशा में कदम उठाने की बात कही। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई जारी रखने का दावा भी किया गया।
कनेक्टिविटी और पर्यटन परियोजनाओं पर दिया जोर
आधारभूत ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उल्लेख किया। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा होने की बात कही गई।
केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास, देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण, ऋषिकेश बाईपास और विभिन्न रेलवे परियोजनाओं को राज्य की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। प्रदेश में हेलीपोर्ट की संख्या दो से बढ़कर सात और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 होने का आंकड़ा भी रखा गया।
पर्यटन और तीर्थाटन के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, शीतकालीन यात्रा, मानसखंड मंदिर माला मिशन और धार्मिक कॉरिडोर परियोजनाओं का जिक्र किया। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने की बात कही गई। हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किए जाने का भी उल्लेख किया गया। आदि कैलाश, मुखबा, हनोल और यमुना कॉरिडोर जैसे धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
निवेश के मामले में दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू होने और इनमें से एक लाख एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग का दावा किया गया। राज्य में 30 से अधिक नई नीतियां तैयार की गई हैं। सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता 2021-22 के 439 मेगावाट से बढ़कर एक हजार मेगावाट से अधिक होने की जानकारी दी गई। टिहरी में एक हजार मेगावाट के वेरिएबल स्पीड पम्प्ड स्टोरेज प्लांट की चारों इकाइयों का संचालन शुरू होने को भी उपलब्धि बताया गया।
सीमांत गांवों में विकास के लिए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 गांवों में 270 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर काम चलने की बात कही गई। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी का दावा किया गया।
आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू और केदारघाटी आपदा के दौरान 15 हजार से अधिक लोगों को बचाने का उल्लेख किया गया। खेलों में 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी और उत्तराखंड के खिलाड़ियों के 103 पदक जीतने को भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया गया।
मुख्यमंत्री ने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड के पहले स्थान, निर्यात तैयारी सूचकांक में अग्रणी स्थान और निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में प्रथम स्थान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण करना है।
महेंद्र भट्ट ने 10 साल के काम लेकर चुनाव में उतरने की बात कही
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी हर वर्ष सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाती रही है, लेकिन चुनावी वर्ष में इन कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा जनता के सामने रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से मीडिया के माध्यम से रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है।
भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के अनेक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में विकास योजनाओं को गति मिली है। उनके मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में राज्य ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पांच साल के रिपोर्ट कार्ड के साथ पिछले 10 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। विधानसभा उपचुनाव, लोकसभा चुनाव, निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी को मिले समर्थन का भी उन्होंने उल्लेख किया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि विकास कार्य और सरकार की उपलब्धियां ही आगामी चुनाव में भाजपा के प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव के संदर्भ में मीडिया और जनता से मिलने वाले सुझावों को पार्टी अपने कार्यों में शामिल करेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास, सुबोध उनियाल और रेखा आर्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी शामिल हुए।









