---Advertisement---

लालढांग : सरकारी मालखाने से 5 हाथी दांत गायब, वन मंत्री ने दिए कड़ी कार्रवाई के संकेत

पौड़ी की लालढांग रेंज के सरकारी मालखाने से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन मंत्री सुबोध उनियाल ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद विभागीय कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है।

देहरादून, 20 नवंबर : पौड़ी गढ़वाल के लालढांग रेंज में सरकारी मालखाने से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रकरण में सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद कठोर कार्रवाई के संकेत दिए हैं। विभागीय जांच में सामने आई लापरवाही को गंभीर माना जा रहा है।

असल में, लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के कार्यालय परिसर में स्थित मालखाने में हाथियों के दांत सुरक्षित रखे गए थे। इनके सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद दांतों की संख्या में अंतर मिला। सरकारी अभिलेखों में कुल 15 हाथी दांत दर्ज थे, जबकि भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 10 ही मिले। इस तरह पांच हाथी दांत गायब पाए गए।

मामला सामने आने के बाद वन विभाग में जांच शुरू हुई। पुलिस ने भी आपराधिक पहलू से पड़ताल शुरू की। अब विभागीय जांच में लापरवाही सामने आने और वन मंत्री के सख्त रुख के बाद कार्रवाई का दायरा बढ़ने की संभावना है।

जांच में चार कर्मचारियों की भूमिका पर उठे सवाल

हाथी दांत गायब होने के मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट 6 नवंबर को वन संरक्षक को सौंप दी थी।

जांच में मालखाने की निगरानी, रिकॉर्ड के रखरखाव और हाथी दांतों की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट में रेंजर, तत्कालीन प्रभारी रेंजर, वन दरोगा और एक कर्मचारी की भूमिका पर सवाल उठाए गए।

जांच के आधार पर लालढांग के रेंजर अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित किया गया। इससे पहले वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा वीरेंद्र सिंह के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है।

वहीं, उपनल के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ऐसे में विभागीय कार्रवाई की जद में आए कर्मचारियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, दूसरा फरार

विभागीय जांच के साथ पुलिस ने भी मामले में कार्रवाई की है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने हरिद्वार के गैंडीखाता निवासी गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हाथी दांत चोरी करने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इस मामले में उसका एक अन्य साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जांच के दौरान भंडार गृह का टूटा हुआ ताला और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया सरिये का टुकड़ा भी बरामद किया गया है। चोरी हुए हाथी दांतों की बरामदगी अभी पुलिस और वन विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment