---Advertisement---

15 हजार के बकाया वेतन के बदले थमाईं साड़ियां, देहरादून में 72 वर्षीय वृद्धा की हत्या

---Advertisement---

दून हॉराइज़न, देहरादून (5 सितंबर): देहरादून के शांत रिहायशी इलाके डालनवाला स्थित एमडीडीए कॉलोनी में 72 वर्षीय रेखा बंसल की संदिग्ध मौत की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे शुरुआत में सामान्य लूट या अचानक हुआ हमला माना जा रहा था, उसकी तह में निकला महज 15 हजार रुपये के बकाया वेतन (Pending Salary) का ऐसा विवाद, जिसने एक झटके में दो परिवारों को तबाह कर दिया।

यह भी पढ़ें : पहले मनमानी फीस अब ₹1 में टीसी, नैनीताल में बदले प्राइवेट स्कूलों के तेवर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में मीडिया को बताया कि हत्या के आरोप में किताबों की दुकान पर काम करने वाले विनीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से मृतका के हाथ से छीना गया सोने का कड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

साड़ियों के ताने पर खोया आपा

मूल रूप से उत्तरकाशी के सीमांत इलाके बड़कोट तहसील स्थित मंजयाली गांव का 33 वर्षीय विनीत कुमार देहरादून में दोहरी शिफ्ट में काम करता था। दिन के वक्त वह मृतका के पति दिनेश बंसल की पलटन बाजार से सटी व्यस्त डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ नाम की बुक शॉप पर काम संभालता था, जबकि रात को एक निजी गेस्टहाउस में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करता था। एक महीने का वेतन बकाया होने के कारण वह गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।

बुधवार शाम जब वह अपने 15 हजार रुपये मांगने एमडीडीए कॉलोनी स्थित दिनेश बंसल के घर पहुंचा, तो घर पर रेखा बंसल अकेली थीं। आरोप है कि नकदी मांगने पर बुजुर्ग महिला ने पैसे देने से साफ मना कर दिया और अपनी पुरानी पहनी हुई साड़ियां आगे कर दीं। साथ ही कथित तौर पर यह ताना भी मारा कि इन्हें बाजार में बेचकर अपना पैसा निकाल ले। मजदूरी के एवज में मिले इस अपमान से विनीत आग-बबूला हो गया।

सिर्फ एक ही वार से रोक दी सांसें

पुलिस की प्राथमिक जांच और आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि तैश में आकर विनीत ने अपने हाथ में पहने कड़े से वृद्धा के चेहरे पर वार कर दिया। बुजुर्ग महिला जोर से चिल्लाईं और लड़खड़ाकर सिर के बल फर्श पर गिर पड़ीं। पकड़े जाने और शोर बाहर तक पहुंचने के डर से आरोपी ने तुरंत उनका मुंह और नाक दोनों हाथों से दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण कुछ ही पलों में उन्होंने दम तोड़ दिया।

जब कमरे में सन्नाटा पसर गया, तब विनीत ने उनके हाथ से सोने का कड़ा उतारा और घर के पिछले हिस्से के दरवाजे से चुपचाप बाहर निकल गया। देर शाम जब दिनेश बंसल घर लौटे तो पत्नी को बिस्तर पर खून से लथपथ देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल स्थानीय डालनवाला कोतवाली को सूचना दी, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच टीम गठित की गई।

त्योहार का था दबाव और बच्चों की देनी थी फीस

सीसीटीवी कैमरों की जांच, मोबाइल सर्विलांस और डिस्पेंसरी रोड के दुकानदारों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम माता मंदिर कॉलोनी, अजबपुर कलां स्थित विनीत के किराए के कमरे तक पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने रोते हुए बताया कि उसके बच्चों की स्कूल फीस महीनों से अटकी हुई थी और जन्माष्टमी के त्योहार पर परिवार का दबाव इतना ज्यादा था कि वह मानसिक संतुलन खो बैठा था।

यह भी पढ़ें : परिजन समझते रहे जागरण में है बेटी, सुबह चौराहे पर बदहवास मिली; इलाके में भारी आक्रोश

आरोपी के सलाखों के पीछे जाने के बाद अब अजबपुर कलां में उसकी बुजुर्ग मां, पत्नी और मासूम बच्चों के सामने जिंदगी बसर करने का गहरा संकट खड़ा हो गया है। पुलिस अब आरोपी को सक्षम अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर सुद्धोवाला जेल भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment