Dehradun News : दिनांक 3 नवंबर 2025 को प्रेमनगर इलाके में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुरूआती जांच में पता चला कि मृतक स्मिथनगर के एक सैलून से बाहर निकल रहा था, तभी उसकी मुलाकात दूसरे व्यक्ति से हो गई। दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसकी वजह से कहा-सुनी हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई।
पुलिस की पूछताछ और गवाहों के बयानों से खुलासा हुआ कि मारपीट के दौरान मृतक ने ही पहले ब्लेड निकाला और दूसरे युवक पर हमला कर दिया। इससे दूसरे व्यक्ति को कई जगह गहरे कट लगे। इसी झड़प में अचानक मृतक सड़क पर मुंह के बल गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
कोई साजिश नहीं, पुरानी दुश्मनी का नतीजा
जांच में अभी तक कोई प्लानिंग या सुनियोजित हमले का कोई सबूत नहीं मिला है। दोनों के बीच अचानक आमना-सामना हुआ और पुराने विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पुलिस का कहना है कि इसे सनसनीखेज बनाकर सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से खूब प्रचारित किया जा रहा है, जबकि हकीकत कुछ और है।
मृतक का क्रिमिनल बैकग्राउंड भी आया सामने
मृतक के पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि साल 2023 में प्रेमनगर थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज था। वो कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके अलावा उसके खिलाफ कोई और मुकदमा या हिस्ट्रीशीटर का रिकॉर्ड नहीं मिला।
पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ गैर इरादतन हत्या का केस
मृतक की पत्नी ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर प्रेमनगर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले को खंगाल रही है।









