देहरादून में सत्यापन के बिना किराएदार रखने वाले 78 मकान मालिकों पर 7.80 लाख रुपये का जुर्माना लगा और 21 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
देहरादून, 04 नवंबर: राजधानी में बिना पुलिस सत्यापन किराएदार और घरेलू नौकर रखने वाले मकान मालिकों पर दून पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को पटेलनगर और नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में चले सघन चेकिंग अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी मिलने पर पुलिस ने 78 भवन स्वामियों का 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 7 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस दौरान एक हजार से अधिक बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों में मिले 21 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, संदिग्धों और पूर्व में आपराधिक वारदातों में शामिल रहे लोगों की धरपकड़ के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने सुबह तड़के रिहायशी बस्तियों में दस्तक देकर किराएदारों के पहचान पत्रों और पुलिस सत्यापन की स्थिति की पड़ताल की।
पटेलनगर और नेहरू कॉलोनी में सघन जांच
अभियान के दौरान पटेलनगर क्षेत्र के देहराखास, बंजारावाला, चमनपुरी और ब्रह्मपुरी में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घर-घर जाकर तलाशी ली। वहीं नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के तहत नई बस्ती रेस कोर्स और ऑफिसर्स कॉलोनी में भी सघन सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान एक हजार से अधिक किरायेदारों और बाहरी मजदूरों के पहचान पत्रों की जांच की गई।
जांच के दौरान पूर्व की आपराधिक घटनाओं में नामजद रहे और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहे सात अभियुक्तों का भी पुलिस टीमों ने भौतिक सत्यापन किया। पुलिस अधिकारियों ने इन सभी को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
78 भवन स्वामियों पर 10-10 हजार का जुर्माना
निरीक्षण के दौरान कई मकान मालिकों द्वारा बिना सत्यापन के किराएदार और घरेलू नौकर रखने का खुलासा हुआ। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 78 भवन स्वामियों के खिलाफ 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान काटते हुए कुल 7 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके तहत प्रत्येक संबंधित मकान मालिक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना तय किया गया है।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले 27 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई, जिनसे मौके पर ही 13 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूमते मिले 21 व्यक्तियों को पुलिस थाने ले आई, जहां उनके मूल पते और पहचान से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सत्यापन का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









