---Advertisement---

CM Pushkar Singh Dhami Tehri Visit : टिहरी झील के चारों तरफ बनेगी रिंग रोड, CM Dhami ने किया बड़ा ऐलान

---Advertisement---

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी में आयोजित खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड बनाने और इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बनाने का संकल्प दोहराया, साथ ही अंकिता भंडारी प्रकरण और यूसीसी पर सरकार का पक्ष भी मजबूती से रखा।

CM Pushkar Singh Dhami Tehri Visit : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टिहरी गढ़वाल के राजकीय इंटर कॉलेज छाम में आयोजित ‘प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव’ के समापन समारोह में हिस्सा लिया।

इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक विकास समिति के प्रयासों को सराहा और यूसीसी (समान नागरिक संहिता) के तहत पंजीकरण कराने वाले लोगों को मौके पर प्रमाण पत्र भी बांटे। सीएम ने स्पष्ट किया कि लोक संस्कृति का संरक्षण ही देवभूमि की असली पहचान है।

टिहरी झील बनेगी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का केंद्र

मुख्यमंत्री ने टिहरी के विकास को लेकर सरकार की योजनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए सरकार संकल्पित है। यहाँ ट्रैकिंग और पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीएम ने बताया कि झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से न केवल कनेक्टिविटी सुधरेगी, बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कानून व्यवस्था और अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस

समारोह में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देवभूमि के स्वरूप को बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया है और 6 हजार से ज्यादा अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। सीएम ने दोहराया कि दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से नुकसान की पाई-पाई वसूली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक अखंडता से कोई समझौता नहीं होगा।

CM Pushkar Singh Dhami Tehri Visit

अंकिता भंडारी केस: दोषियों को मिली सजा

सीएम धामी ने अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सरकार पहले दिन से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। एसआईटी ने ढाई साल तक गहन जांच कर रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर तीनों आरोपियों को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। सीएम ने कहा कि जब माता-पिता ने सीबीआई जांच की मांग की, तो सरकार ने भावनाओं का सम्मान करते हुए सहयोग किया। न्याय के लिए सरकार हमेशा परिवार के साथ रहेगी।

खेल और स्वरोजगार पर फोकस

राज्य को ‘खेलभूमि’ बनाने की दिशा में सरकार खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स अकादमी स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रिवर्स पलायन रोकने के लिए होम-स्टे, लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत किया जा रहा है।

नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड के प्रथम स्थान पाने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में विधायक प्रीतम सिंह पंवार, किशोर उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment