देहरादून, 10 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर राज्य में अपराधियों के विरुद्ध जारी ‘Operation Prahar’ के तहत देहरादून पुलिस ने बीती रात व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान में नशा तस्करी, ड्रंक एंड ड्राइव और सत्यापन नियमों के उल्लंघन पर कड़ा एक्शन लिया गया। पुलिस ने रातभर में 1000 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की और नियम तोड़ने वालों पर लाखों रुपये का जुर्माना ठोका।
नशा तस्करी पर वार, चरस के साथ दो गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रायपुर और विकासनगर क्षेत्र में नशा तस्करों को घेराबंदी कर दबोचा। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने विशाल कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय आसिफ को 181 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, थाना रायपुर पुलिस ने बालावाला क्षेत्र के दिवांशु नेगी को 52 ग्राम चरस के साथ पकड़ा। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ड्रंक एंड ड्राइव और यातायात उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने रातभर बैरियर लगाकर चेकिंग की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 31 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 123 चालकों के चालान किए गए, जिनसे 66,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, न्यायालय के चालान की कार्रवाई के तहत 43 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया है।
मकान मालिकों पर भारी जुर्माना
सत्यापन अभियान में लापरवाही बरतने वालों पर पुलिस सबसे सख्त नजर आई। जिलेभर में अपने किराएदारों, घरेलू नौकरों या प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों का सत्यापन न कराने वाले 127 मकान मालिकों और व्यापारियों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन डिफॉल्टर्स पर कुल 12 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
रात्रि चेकिंग और संदिग्धों से पूछताछ
देहरादून की सड़कों पर रात में बिना ठोस कारण के घूम रहे लगभग 1000 व्यक्तियों से पुलिस ने पूछताछ की। मौके पर ही सत्यापन की कार्रवाई करते हुए 119 संदिग्ध व्यक्तियों का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया और उनसे 31,500 रुपये जुर्माना लिया गया। इसके अलावा, 09 संदिग्धों को पुलिस ने 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने में गहन पूछताछ की।
कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड:
| श्रेणी | कार्रवाई की संख्या | जुर्माना/परिणाम |
| नशा तस्करी | 02 गिरफ्तार | 233 ग्राम चरस बरामद |
| ड्रंक एंड ड्राइव | 31 गिरफ्तार | 31 वाहन सीज |
| यातायात उल्लंघन | 123 चालान | 66,500 रुपये जुर्माना |
| सत्यापन उल्लंघन | 127 मकान मालिक | 12,70,000 रुपये जुर्माना |
| सीज वाहन (कुल) | 74 वाहन | थाना एवं न्यायालय कार्रवाई |









