देहरादून, 11 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)।
Dehradun ISI Agent Arrested : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को होने वाले देहरादून दौरे से ठीक चार दिन पहले उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है।
एसटीएफ ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत प्रेमनगर थाना क्षेत्र के झाझरा से 29 वर्षीय विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विक्रांत सीधे तौर पर पाकिस्तानी आतंकी और आईएसआई (ISI) एजेंट शहजाद भट्टी के संपर्क में था।
एसटीएफ आईजी नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी अजय सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विक्रांत कश्यप ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) नामक नए आतंकी संगठन की जड़ें देहरादून में मजबूत कर रहा था। आरोपी शहर में गाड़ियों की धुलाई का काम करता था, जिसकी आड़ में वह देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसके पास से .32 बोर की एक इटैलियन मार्क पिस्टल, सात कारतूस और एक स्प्रे पेंट बरामद किया गया है।
सोशल मीडिया के जरिए आतंकी जाल में फंसा
जांच में सामने आया है कि विक्रांत बीते एक साल से एसटीएफ की रडार पर था। वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने का दावा करने वाले आतंकी संगठनों की सोशल मीडिया पोस्ट से प्रभावित होकर उनके संपर्क में आया था।
इसके बाद उसे टीटीएच के सरगना भट्टी ने स्लीपर सेल तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान में बैठे उसके आका लगातार उससे दिल्ली की दूरी और वहां के ठिकानों के बारे में जानकारी ले रहे थे।
सैन्य संस्थानों की रेकी और वीडियो लीक
एसटीएफ के मुताबिक, विक्रांत ने देहरादून स्थित महत्वपूर्ण केंद्रीय संस्थानों, सैन्य ठिकानों, पुलिस और प्रशासनिक भवनों के वीडियो और सटीक लोकेशन पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजी थी। आतंकी संगठन ने उसे दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में भी बड़ी वारदात करने का टास्क दिया था। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जो पिछले कुछ समय में विक्रांत के संपर्क में आए थे।









