---Advertisement---

Char Dham Yatra 2026 Update : चार धाम यात्रा पर बड़ा फैसला, अब श्रद्धालुओं की संख्या पर नहीं रहेगी कोई पाबंदी

---Advertisement---

देहरादून, 11 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न) 

Char Dham Yatra 2026 Update : उत्तराखंड की चार धाम यात्रा को लेकर धामी सरकार ने एक बड़ा और जनपक्षीय निर्णय लिया है। सरकार ने इस वर्ष यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की दैनिक संख्या पर लगी सभी सीमाओं (कैपिंग) को समाप्त करने की घोषणा की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान बताया है।

भ्रम और अफवाहों पर लगेगा विराम

महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पिछले कुछ समय से यात्री संख्या को लेकर विभिन्न प्रकार के भ्रम और अफवाहें फैल रही थीं, जिन पर अब पूरी तरह विराम लग जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले एहतियात के तौर पर कुछ नियम बनाए थे, लेकिन अब परिस्थितियों और यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार को देखते हुए यह सकारात्मक बदलाव किया गया है। अब श्रद्धालु बिना किसी प्रशासनिक रोक-टोक के बाबा केदार, बद्री विशाल, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के निर्बाध दर्शन कर सकेंगे।

सुरक्षा के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग का सहारा

संख्या पर प्रतिबंध हटाने का मतलब अव्यवस्था नहीं होगा। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और सुगम दर्शन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। भीड़ को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए आधुनिक डिजिटल मॉनिटरिंग और ‘एडवांस स्लॉट सिस्टम’ का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही ‘ग्रीन एंड क्लीन’ यात्रा के संकल्प के तहत यात्रा मार्गों पर स्वच्छता के कड़े मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

स्थानीय आर्थिकी को मिलेगा नया विस्तार

चार धाम यात्रा को उत्तराखंड की आर्थिक रीढ़ बताते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस निर्णय का सीधा लाभ स्थानीय व्यवसायियों, तीर्थ पुरोहितों और पर्यटन से जुड़े हजारों लोगों को मिलेगा। असीमित दर्शन की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को लंबी कतारों और प्रतीक्षा से मुक्ति मिलेगी, जिससे राज्य में धार्मिक पर्यटन नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की यात्रा स्थानीय लोगों के आर्थिक स्वावलंबन के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment